हेमंत सोरेन से विश्व बैंक प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, गरीबी उन्मूलन योजना की सराहना.

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर

हेमंत सोरेन से विश्व बैंक प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की सराहना, रांची में संयुक्त कार्यशाला की सहमति



नई दिल्ली, 30 जुलाई 2025. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज झारखंड भवन, नई दिल्ली में विश्व बैंक के भारत स्थित कंट्री डायरेक्टर ऑगस्टे तानो कौमे के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस बैठक के दौरान झारखंड सरकार की योजनाओं और विकास गतिविधियों को लेकर गहन चर्चा हुई।

“मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” की प्रशंसा
कौमे ने मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को गरीबी उन्मूलन की दिशा में एक प्रभावी प्रयास बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने इसे राज्य की सामाजिक सुरक्षा प्रणाली को सशक्त करने वाली योजना कहा।

विकास के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विश्व बैंक प्रतिनिधियों को राज्य में चल रही ग्रामीण आर्थिक योजनाओं, अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं, पर्यटन विस्तार, उत्पादन, कृषि नवाचार, शिक्षा सुधार, व प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। उन्होंने राज्य में निवेश की व्यापक संभावनाएं भी सामने रखीं।

विश्व बैंक ने जताई भागीदारी की इच्छा
विश्व बैंक की ओर से भारत में संचालित परियोजनाओं के अनुभव साझा करते हुए श्री कौमे ने झारखंड सरकार को विकास योजनाओं की डिज़ाइनिंग, रणनीति निर्माण, और क्रियान्वयन तंत्र को सशक्त बनाने में सहयोग देने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के नागरिकों को सीधे तौर पर लाभ मिल सकेगा।

रांची में संयुक्त कार्यशाला की तैयारी
बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने इस सहयोग को आगे बढ़ाने और निकट भविष्य में रांची में एक संयुक्त चर्चा एवं कार्यशाला आयोजित करने पर सहमति जताई। इस कार्यशाला में नीति निर्धारकों, विशेषज्ञों और विश्व बैंक के अधिकारियों की भागीदारी प्रस्तावित है, जिससे झारखंड में सतत और समावेशी विकास की दिशा में नई संभावनाएं खुल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *