बाबूलाल मरांडी का बयान भ्रामक और राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित : झामुमो.

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर विधानसभा चुनाव

बाबूलाल मरांडी का बयान भ्रामक और राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित : झामुमो प्रवक्ता विनोद पांडेय का तीखा पलटवार

मुख्य बिंदु:

झामुमो ने भाजपा के आरोपों को बताया झूठ और नौटंकी

सीआईडी की सक्रियता से भाजपा बेचैन, झामुमो का दावा

कोचिंग योजना को लेकर टेंडर प्रक्रिया पारदर्शी होने का दावा

आतंकवाद जैसे मुद्दे पर राजनीति न करने की नसीहत

विपक्ष से जिम्मेदारी निभाने की अपील, अफवाह न फैलाने की चेतावनी



भाजपा को हर पहल में दिखती है साजिश : झामुमो

रांची, 30 जुलाई 2025: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और अन्य नेताओं के हालिया बयानों को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने सिरे से खारिज करते हुए तीखा जवाब दिया है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा हर सरकारी पहल और जनहित योजना में साजिश और घोटाले की कल्पना करती है, क्योंकि उनका खुद का इतिहास ऐसे कारनामों से भरा पड़ा है।

सीआईडी को लेकर भाजपा की बेचैनी क्यों?

सीआईडी को लेकर मरांडी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पांडेय ने कहा कि वर्तमान सरकार ने जांच एजेंसियों को पूरी स्वतंत्रता दी है, जिससे अपराध, संगठित गिरोह और रंगदारी पर कड़ा प्रहार हो सके। उन्होंने कहा, “भाजपा को यह असहज कर रहा है कि अब जांच एजेंसियां उनके इशारे पर नहीं चलतीं।”

कोचिंग योजना पर भाजपा का विरोध दुर्भाग्यपूर्ण: झामुमो

राज्य सरकार की कोचिंग योजना को लेकर भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों को विनोद पांडेय ने “राजनीतिक नौटंकी” करार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि टेंडर प्रक्रिया पारदर्शी है और अब तक किसी का चयन नहीं हुआ है। उन्होंने पूछा, “क्या भाजपा को गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक छात्रों की गुणवत्ता पूर्ण कोचिंग से समस्या है?”

आतंकी नेटवर्क जैसे गंभीर विषय पर भी भाजपा कर रही राजनीति

झारखंड में आतंकी नेटवर्क से जुड़े सवालों पर भाजपा की टिप्पणी को भी झामुमो ने घोर आपत्तिजनक बताया। पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार राज्य पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर हर पहलू पर काम कर रही है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि “क्या आतंकवाद जैसे मुद्दे को भी राजनीतिक स्वार्थ के लिए भुनाना उचित है?”

“भाजपा जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाए”

विनोद पांडेय ने दो टूक कहा कि भाजपा जनता को अफवाहों से गुमराह करने का काम बंद करे। उन्होंने कहा, “राज्य की जनता सब समझ रही है और भाजपा को उसका करारा जवाब भविष्य में भी मिलेगा।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *