जयराम महतो ने फिर खोला पुलिस के खिलाफ मोर्चा, गिरफ्तारी को लेकर बढ़ा टकराव
डुमरी विधायक जयराम महतो ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने झारखंडवासियों से अपील की है कि यदि किसी थाना या पुलिस अधिकारी द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार, उत्पीड़न, अन्याय, अवैध वसूली या प्रताड़ना की जाती है, तो सुरक्षित तरीके से उसका ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड कर सामने लाएं।
पुलिस के खिलाफ जयराम महतो का बड़ा बयान
जयराम महतो ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि पीड़ित व्यक्ति किसी भी विचारधारा या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, यदि उसके साथ अन्याय हुआ है या हो रहा है तो वह न्याय की लड़ाई में उसके साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने और सड़क से सदन तक न्याय की आवाज उठाने की बात कही। विधायक ने अपने संदेश में लोगों से अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील भी की है।
पुलिस से हॉट टॉक मामले में माफी से इनकार
जयराम महतो और पुलिस के बीच हॉट टॉक का मामला भी लगातार चर्चा में है। इस मामले में विधायक की ओर से माफी मांगने से इनकार किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस संगठन और विधायक के बीच टकराव और बढ़ता नजर आ रहा है।
पुलिस को जनता से बात करने का तरीका सीखना होगा- बाबूलाल मरांडी
पांच दिनों का अल्टीमेटम, गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन
दूसरी ओर, झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने जयराम महतो की गिरफ्तारी को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। एसोसिएशन ने कथित तौर पर पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ऐसे में एक तरफ जयराम महतो पुलिस की कार्यशैली और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस एसोसिएशन की चेतावनी के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है।
अब आगे क्या?
जयराम महतो के ताजा बयान और पुलिस एसोसिएशन के अल्टीमेटम के बाद आने वाले दिनों में दोनों पक्षों के बीच टकराव बढ़ने की आशंका है। अब नजर इस बात पर होगी कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और विधायक की ओर से आगे क्या प्रतिक्रिया आती है।
