रांची: स्वास्थ्य विभाग में गड़बड़ियों पर बवाल
रांची- झारखंड के स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं और घोटाले को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रेस वार्ता कर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की है।
₹1 की चीज ₹5 में खरीदने का आरोप
हटिया विधायक और विधानसभा में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग में सामानों की खरीद वास्तविक कीमत से तीन से पांच गुना अधिक दर पर की गई।
उन्होंने कहा कि यह मामला केवल अनियमितता नहीं बल्कि बड़े स्तर के घोटाले की ओर इशारा करता है।
टेंडर प्रक्रिया पर गंभीर सवाल
BJP नेता ने दावा किया कि टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई।
आरोप है कि एक ही परिवार के सदस्यों के नाम पर कई कंपनियां रजिस्टर कराकर उन्हें फायदा पहुंचाया गया, जिससे पूरे सिस्टम की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
“बिल्ली को ही दूध की रखवाली” – जांच पर सवाल
मुख्य सचिव द्वारा जांच के निर्देश दिए जाने के बावजूद जांच की जिम्मेदारी स्वास्थ्य सचिव को सौंपे जाने पर भी सवाल उठाए गए।
नवीन जायसवाल ने इसे “बिल्ली को दूध की रखवाली” सौंपने जैसा बताया और निष्पक्ष जांच पर संदेह जताया।
ट्रेजरी लूट से जोड़कर बड़ा दावा
उन्होंने कहा कि राज्य में पहले से बालू, कोयला और जमीन से जुड़े मामलों में अनियमितताएं सामने आती रही हैं, और अब ट्रेजरी व स्वास्थ्य विभाग में भी घोटालों की बात सामने आ रही है।
जायसवाल ने इसे चारा घोटाले से भी बड़ा मामला बताया।
BJP की मांग: मंत्री को बर्खास्त कर हो जांच
BJP ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए।
साथ ही संबंधित अधिकारियों पर FIR दर्ज करने और स्वास्थ्य मंत्री को तत्काल पद से हटाने की मांग की गई है।
प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद
इस प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अशोक बड़ाईक और प्रदेश प्रवक्ता अविनेश सिंह भी उपस्थित रहे।
