पहले गिरिडीह और अब धनबाद लोकसभा क्षेत्र के लिए रोड शो। झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो को आखिर क्यों ये रोड शो करना पड़ रहा है। दरअसल, पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोडरमा और गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के लिए चुनाव प्रचार किया। धनबाद के लिए लगातार भाजपा के बड़े नेता चुनाव प्रचार में जुटे हैं।
कल बोकारो के फुसरो में जिस तरह से जनसभा उमड़ी। उससे जयराम महतो के हौसले बुलंद हैं। गिरफ्तारी की तलवार लटकने के बाद जयराम महतो दूसरी बार रोड शो कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने गिरिडीह यानी अपने लोकसभा क्षेत्र के लिए रोड शो किया है। खास बात यह है कि, कल यानी 21 मई को जयराम महतो के मामले में रांची के सिविल कोर्ट में सुनवाई भी प्रस्तावित है। देखना दिलचस्प होगा कि, कल क्या कोर्ट से जयराम महतो को जो राहत मिली है वह राहत आगे जारी रहती है या और कानूनी पेचीदगी का सामना करना पड़ता है।
इस बीच रांची लोक सभा सीट से जयराम महतो के प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो अबतक जेल से बाहर नहीं आ सके हैं। आशंका इस बात की है कि, उन्हें जेल के अंदर से ही चुनाव लड़ना पड़ सकता है। इस बीच जयराम महतो गिरिडीह के साथ धनबाद लोकसभा सीट के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। धनबाद सीट से जयराम की पार्टी ने अखलाक अंसारी को चुनावी मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला इंडिया एलायंस की अनुपमा सिंह और बीजेपी के ढुल्लो महतो से है। यही वजह है की जयराम ने धनबाद लोकसभा सीट में अपनी पूरी ताकत लगी दी है।
वैसे भी गिरिडीह, धनबाद, बोकारो ये ऐसे जिले हैं जहां पर झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति की अच्छी पकड़ मानी जाती है। आंदोलन का व्यापक असर भी इन क्षेत्रों में है। कुड़मी महतो समाज की आबादी होने की वजह से भी JBKSS का खास जोर इन ज़िलों में है।
