मुख्य बिंदु
-
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा अगले माह झारखंड दौरे पर आएंगे
-
बंधु तिर्की ने दिल्ली में पवन खेड़ा से की मुलाकात
-
भाजपा पर चुनाव आयोग की मिलीभगत से “वोट चोरी” का आरोप
-
आदिवासी युवाओं को मीडिया सेल में शामिल करने की मांग
-
कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर जातिवाद और धर्मवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया
नई दिल्ली, 19 सितंबर 2025- अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के चेयरमैन, मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के प्रभारी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा अगले माह झारखंड आने वाले हैं। यह जानकारी पूर्व मंत्री और समन्वय समिति सदस्य बंधु तिर्की ने दी।
दरअसल, दिल्ली स्थित पवन खेड़ा के आवास पर बंधु तिर्की ने शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक हालात और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई।
बंधु तिर्की ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि “केंद्र की सत्ता तंत्र के इशारे पर चुनाव आयोग की मिलीभगत से वोट चोरी कर भाजपा राज्यों में सरकार बना रही है। चुनाव से पहले भाजपा का मीडिया तंत्र भाजपा सरकार के विजय गीत गाना शुरू कर देता है।”
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार जातिवाद और धर्मवाद के नाम पर देश को कमजोर कर रही है।
आदिवासी युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व देने की मांग
बंधु तिर्की ने कांग्रेस मीडिया सेल में आदिवासी युवाओं और युवतियों को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए जाने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि इससे आदिवासी समाज को पार्टी की नीतियों और मीडिया प्रबंधन की बेहतर जानकारी मिलेगी और संगठन को मजबूती मिलेगी।
झारखंड दौरे की पुष्टि
बंधु तिर्की ने पवन खेड़ा को झारखंड आने का आमंत्रण दिया। इस पर कांग्रेस प्रवक्ता ने अगले माह झारखंड आने की हामी भरी। माना जा रहा है कि इस दौरे में वे आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे।
