मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा – डॉक्टर समाज के लिए भगवान स्वरूप, सरकार बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए संकल्पित
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि, डॉक्टर मानव जीवन में भगवान का स्वरूप माने जाते हैं। समाज उनकी ओर उम्मीद और आशा भरी निगाहों से देखता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीब, असहाय और कमजोर लोगों के प्रति संवेदनशील है और यही वजह है कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि विभाग समय-समय पर स्वास्थ्यकर्मियों के कार्य का आकलन करेगा और जो बेहतर प्रदर्शन करेंगे उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग देने के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि आज स्वास्थ्य क्षेत्र में कई नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। बच्चे मोबाइल की लत के कारण बीमार हो रहे हैं, वहीं पर्यावरण प्रदूषण से भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि समस्याएं हम स्वयं पैदा करते हैं और उनके समाधान की जिम्मेदारी भी हमारी ही है।

उन्होंने कहा कि राज्य के पास संसाधन सीमित हैं, लेकिन संकल्प और जुनून के साथ बहुत कुछ किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी अपने कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन कर राज्य में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था कायम करने में सहयोग देंगे।
