JSSC कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते पंचपरगनिया अभ्यर्थी

JSSC घिरा! पंचपरगनिया अभ्यर्थियों ने खोला मोर्चा, सौंपा ज्ञापन

झारखंड/बिहार रोज़गार समाचार

JSSC कार्यालय पहुंचे पंचपरगनिया अभ्यर्थी, सिलेबस से बाहर प्रश्न पूछे जाने का लगाया आरोप

रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पंचपरगनिया विषय से सिलेबस के बाहर प्रश्न पूछे जाने के आरोप को लेकर अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को आयोग कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आयोग को ज्ञापन भी सौंपा।

प्रमुख बातें

  • JSSC कार्यालय पहुंचकर पंचपरगनिया अभ्यर्थियों ने किया प्रदर्शन
  • सिलेबस से बाहर प्रश्न पूछे जाने का लगाया आरोप
  • उत्पाद सिपाही परीक्षा में 22 प्रश्न आउट ऑफ सिलेबस होने का दावा
  • सहायक आचार्य परीक्षा में 63 प्रश्न पाठ्यक्रम से बाहर होने का आरोप
  • आयोग से निष्पक्ष समीक्षा और भविष्य में सिलेबस आधारित परीक्षा कराने की मांग

क्या है अभ्यर्थियों की शिकायत?

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से पंचपरगनिया विषय से संबंधित प्रतियोगी परीक्षाओं में निर्धारित सिलेबस से बाहर प्रश्न पूछे जा रहे हैं। उनका आरोप है कि इससे हजारों छात्रों के परिणाम प्रभावित हो रहे हैं और पंचपरगनिया क्षेत्र के अभ्यर्थियों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है।

इन परीक्षाओं का किया उल्लेख

अभ्यर्थियों ने दावा किया कि हाल ही में आयोजित उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पंचपरगनिया विषय के 22 प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम से बाहर पूछे गए। वहीं, सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) भर्ती परीक्षा में 63 प्रश्न सिलेबस से बाहर होने का आरोप लगाया गया।

छात्रों का कहना है कि यदि प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम से बाहर पूछे जाएंगे तो निष्पक्ष प्रतियोगिता प्रभावित होगी और अभ्यर्थियों का भविष्य भी संकट में पड़ जाएगा।

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के मुद्दे पर गरजे जयराम महतो, सरकार को घेरा

JSSC से क्या मांग की?

ज्ञापन के माध्यम से अभ्यर्थियों ने आयोग से मांग की कि:

  • भविष्य की सभी परीक्षाओं में केवल निर्धारित सिलेबस से ही प्रश्न पूछे जाएं।
  • विवादित और आउट ऑफ सिलेबस प्रश्नों की निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए।
  • पूर्व में हुई त्रुटियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
  • पंचपरगनिया विषय के अभ्यर्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाए।

शांतिपूर्ण आंदोलन का दावा

अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और छात्रहित में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आयोग उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा और उचित निर्णय लेगा।

प्रदर्शन में ये रहे शामिल

प्रदर्शन में पंचपरगना छात्र संघ के कृष्णा कुमार दास, गौतम महतो, धीरज वर्मा, दुर्गा, सुकुमार मांझी, प्रकाश सिंह मुंडा, रूप सिंह, राजू महतो, बैद्यनाथ महतो, देव कुमार मुंडा, गोनो, सुभाष मछुआ, कालीपद नायक, शंकर मुंडा, संदीप मुंडा, अनिल मुंडा समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *