जनता दरबार की फरियाद पर संवेदनशील पहल, कला दल को मिला मांदर
रांची, 30 अगस्त 2025- करमा पर्व की पूर्व संध्या पर बेड़ो प्रखंड के कला दल के कलाकारों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की पहल से कला दल को पारंपरिक वाद्ययंत्र मांदर उपलब्ध कराया गया।

कुछ दिन पहले जनता दरबार में कला दल ने उपायुक्त से निवेदन किया था कि उनके पास मांदर नहीं होने से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां अधूरी रह जाती हैं। इस फरियाद को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तुरंत पहल की और शुक्रवार को कला दल को दो मांदर भेंट किए।

मांदर मिलने के बाद कलाकारों ने खुशी जताते हुए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया और करमा पर्व में विशेष आमंत्रण भी दिया। अब कला दल झारखंड की सांस्कृतिक धुन और उल्लास के साथ पर्व को मना सकेगा।
उपायुक्त ने कहा, “हमारी लोक संस्कृति हमारी असली पहचान है। कलाकारों की जरूरत पूरी करना प्रशासन की जिम्मेदारी ही नहीं, गर्व की बात भी है। करमा जैसे पर्व समाज को जोड़ने का काम करते हैं और इसे भव्य बनाने में प्रशासन हमेशा सहयोग करेगा।”
