झारखंड में शीतलहरी का कहर, 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी
झारखंड में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 9 जिलों में शीतलहरी चलने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, रामगढ़, बोकारो, लोहरदगा और गुमला शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, मकर संक्रांति और टुसू पर्व के दौरान यानी 14 और 15 जनवरी को ठंड और बढ़ सकती है। इन दो दिनों में राज्य के 13 जिलों में शीतलहरी चलने की संभावना जताई गई है। इनमें रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, रामगढ़, बोकारो, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। इन सभी जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस बीच, ठंड से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल नहीं है। राज्य में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। मैक्लुस्कीगंज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कांके क्षेत्र में 3.3 डिग्री और गुमला जिले में करीब 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
घने कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। Ranchi से संचालित होने वाली करीब 11 उड़ानें देरी से रवाना हुईं। मौसम की खराब स्थिति के कारण न सिर्फ आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, बल्कि हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
