Nipah Virus Jharkhand Government Alert

निपाह वायरस पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का अलर्ट, सिविल सर्जनों को सख्त निर्देश

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर

पश्चिम बंगाल में निपाह से मौत के बाद झारखंड अलर्ट, सभी जिलों को सख्त निगरानी के निर्देश

रांची।
पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस संक्रमण से दो लोगों की मृत्यु के बाद झारखंड सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने झारखंड के सभी जिलों के सिविल सर्जनों को अलर्ट मोड में रहने और हर स्तर पर सतर्कता बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के एक्स्ट्रा एडिशनल सेक्रेटरी अजय कुमार को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

क्या है निपाह वायरस और क्यों है खतरनाक

डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि निपाह वायरस एक अत्यंत खतरनाक ज़ूनोटिक बीमारी है, जो जानवरों से इंसानों में फैलती है। यह बीमारी तेजी से गंभीर रूप ले सकती है और समय पर इलाज न मिलने की स्थिति में जानलेवा साबित होती है।

निपाह वायरस के प्रमुख लक्षण

स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, निपाह वायरस के शुरुआती लक्षण सामान्य बुखार और सिरदर्द से शुरू होते हैं, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर यह गंभीर रूप ले लेता है। इसके प्रमुख लक्षणों में
बुखार, तेज सिरदर्द, खांसी, सांस लेने में तकलीफ, गले में खराश, मस्तिष्क पर गंभीर असर (ब्रेन अटैक), एन्सेफेलाइटिस और कोमा जैसी गंभीर अवस्थाएं शामिल हैं।

कैसे फैलता है संक्रमण

डॉ. अंसारी ने बताया कि निपाह वायरस मुख्य रूप से फल खाने वाले चमगादड़ों (फ्रूट बैट्स) से फैलता है। इसके अलावा संक्रमित जानवरों, विशेषकर सूअरों के संपर्क में आने, संक्रमित मांस के सेवन, या संक्रमित व्यक्ति के शरीर से निकलने वाले द्रवों जैसे लार और रक्त के सीधे संपर्क से भी संक्रमण फैल सकता है।

मृत्यु दर 40 से 75 प्रतिशत तक

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि निपाह वायरस की मृत्यु दर बेहद अधिक होती है। प्रकोप की स्थिति के अनुसार यह 40 प्रतिशत से लेकर 75 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। इसी वजह से इसे अत्यंत गंभीर और जानलेवा बीमारी माना जाता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं है।

जिलों को सख्त निगरानी और जागरूकता के निर्देश

डॉ. इरफान अंसारी ने सभी जिलों को सख्त निगरानी रखने, त्वरित रिपोर्टिंग सिस्टम को सक्रिय रखने और व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों को निपाह वायरस के लक्षण, बचाव और आवश्यक सावधानियों की पूरी जानकारी दी जाए, ताकि झारखंड में किसी भी प्रकार का प्रकोप न हो।

झारखंड सरकार पूरी तरह मुस्तैद

स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि निपाह वायरस की रोकथाम के लिए झारखंड सरकार पूरी तरह मुस्तैद है। स्वास्थ्य विभाग को हर स्तर पर सतर्क रहने, संदिग्ध मामलों पर तुरंत कार्रवाई करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *