हूल दिवस आयोजन को लेकर भाजपा की बैठक

सिदो-कान्हो की धरती पर भाजपा का बड़ा आयोजन, 9 नेताओं को मिली जिम्मेदारी

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर विधानसभा चुनाव

हूल दिवस को भव्य बनाने में जुटी भाजपा, 30 जून के आयोजन के लिए 9 सदस्यीय समिति गठित

रांची: झारखंड भाजपा ने 30 जून को साहेबगंज के भोगनाडीह स्थित अमर शहीद स्थल पर आयोजित होने वाले हूल दिवस को भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाने की तैयारी शुरू कर दी है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने 9 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया है।

प्रमुख बातें

  • 30 जून को भोगनाडीह में आयोजित होगा हूल दिवस समारोह।
  • प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने बनाई 9 सदस्यीय आयोजन समिति।
  • पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और शहीद परिवार के प्रतिनिधियों को समिति में मिली जिम्मेदारी।
  • भाजपा ने हूल क्रांति को भारत के प्रथम स्वाधीनता संग्राम का प्रतीक बताया।

9 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन

भाजपा द्वारा गठित आयोजन समिति में पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, अमर शहीद के वंशज मंडल मुर्मू, पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, वरिष्ठ नेता गणेश तिवारी, साहेबगंज जिला अध्यक्ष गौतम यादव, पाकुड़ जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनिता सोरेन तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनिता मुर्मू को शामिल किया गया है।

हूल दिवस का ऐतिहासिक महत्व बताया

प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि 30 जून झारखंड और विशेष रूप से संताल परगना के इतिहास की गौरवशाली तिथि है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1855 में इसी दिन अमर शहीद सिदो-कान्हो के नेतृत्व में अंग्रेजी शासन के खिलाफ हूल क्रांति का बिगुल फूंका गया था। इस आंदोलन में चांद-भैरव और वीरांगना फूलो-झानो ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

महानायकों के योगदान को याद करेगी भाजपा

अमर कुमार बाउरी ने कहा कि आदिवासी समाज ने शोषण और दमन के खिलाफ आजादी की लड़ाई से पहले ही संघर्ष का इतिहास रचा था। भाजपा का मानना है कि 30 जून 1855 को अंग्रेजों के खिलाफ शुरू हुआ यह आंदोलन भारत के प्रथम स्वाधीनता संग्राम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे सभी महानायकों के योगदान का सम्मान करती है और हूल दिवस का व्यापक आयोजन उसी परंपरा का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *