रांची में रेस्टोरेंट संचालक की गोली मारकर हत्या, बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर साधा निशाना
धनतेरस की रात दहली राजधानी, कांके रोड पर चली गोलियां
रांची- धनतेरस की रात जब राजधानी के बाजारों में खरीदारी की चहल-पहल थी, तभी कांके रोड क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। त्योहार की रौनक के बीच हुई इस जघन्य वारदात से पूरे शहर में दहशत फैल गई। भीड़भाड़ और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई यह हत्या राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
दो दिनों में दो हत्याएं, व्यापारियों में बढ़ा भय
बताया जा रहा है कि इससे महज दो दिन पहले कटहल मोड़ पर भी एक कारोबारी को उसकी दुकान के बाहर गोली मार दी गई थी। लगातार दो दिनों के भीतर इस तरह की घटनाओं ने रांची की कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। व्यापारी वर्ग और आम नागरिक दोनों ही अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बिहार चुनाव में महागठबंधन पर संकट: झामुमो ने 6 सीटों पर अकेले उतरने का किया ऐलान.
‘कानून-व्यवस्था चरमराई, प्रशासन नाकाम’ – बाबूलाल मरांडी
घटनाओं की बढ़ती श्रृंखला पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि राजधानी में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे अब सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में भी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
मरांडी ने कहा कि पुलिस प्रशासन अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय अपनी नाकामी को छिपाने में लगा है। उन्होंने @ranchipolice को टैग करते हुए मांग की कि अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
जनता में बढ़ा आक्रोश, सरकार से उठ रहा भरोसा
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने लोगों में भय और आक्रोश दोनों ही बढ़ा दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। वहीं आम जनता का कहना है कि सरकार पर अब भरोसा उठता जा रहा है क्योंकि राजधानी में सुरक्षा की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
