Delhi Encounter

दिल्ली में एनकाउंटर: बिहार के कुख्यात ‘रंजन पाठक गैंग’ के 4 अपराधी ढेर.

क्राइम झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर

दिल्ली में बड़ा एनकाउंटर: बिहार के कुख्यात ‘रंजन पाठक गैंग’ के 4 अपराधी ढेर, दिल्ली और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

मुख्य बिंदु:

  • दिल्ली में अहले सुबह बहादुर शाह मार्ग पर मुठभेड़

  • दिल्ली क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम की कार्रवाई

  • बिहार के कुख्यात ‘रंजन पाठक गैंग’ से जुड़े चार अपराधी मारे गए

  • घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी, जांच में जुटी टीमें

—————————————————————

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर:
राजधानी दिल्ली में गुरुवार तड़के एक बड़ी पुलिस मुठभेड़ में बिहार के कुख्यात ‘रंजन पाठक गैंग’ के चार बदमाश मारे गए। यह मुठभेड़ बहादुर शाह मार्ग पर सुबह करीब 2.20 बजे दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम के बीच हुई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मारे गए अपराधियों की पहचान रंजन पाठक (25), बिमलेश महतो (25), मनीष पाठक (33) और अमन ठाकुर (21) के रूप में हुई है। इनमें से रंजन पाठक, बिमलेश महतो और मनीष पाठक बिहार के सीतामढ़ी जिले के निवासी थे, जबकि अमन ठाकुर दिल्ली के करवाल नगर इलाके का रहने वाला था।

घटना के बाद चारों आरोपियों को रोहिणी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल (BS Ambedkar Hospital) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर घात लगाकर बैठी थी पुलिस टीम
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता संजय त्यागी ने बताया कि क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी दिल्ली में छिपे हुए हैं। इसके बाद बिहार पुलिस के सहयोग से संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जैसे ही टीम ने उन्हें घेरने की कोशिश की, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

त्यागी ने कहा, “पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी के दौरान चार कुख्यात अपराधी मारे गए। कुछ पुलिसकर्मी भी हल्के रूप से घायल हुए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।”

बिहार में फैलाने वाले थे दहशत
पुलिस जांच में पता चला है कि मारे गए चारों अपराधी बिहार के कुख्यात ‘सिग्मा गैंग’ से जुड़े थे। यह गैंग बिहार में कई गंभीर आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है और विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में बड़ी वारदात की योजना बना रहा था।

मौके से भारी मात्रा में हथियार बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से कई हथियार, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है जो गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है।

पुलिस मुख्यालय में हाई-लेवल मीटिंग
घटना के बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने अपराध शाखा और बिहार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। दोनों राज्यों की पुलिस ने ‘सिग्मा गैंग’ के नेटवर्क को खत्म करने के लिए संयुक्त अभियान जारी रखने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *