“ईश्वर की इच्छा के अनुसार जीवन समर्पण ही सच्ची सार्थकता” – विंसेंट आईंद.

झारखंड/बिहार

मुख्य बिंदु:

  • एसo सीo जे o एमo (सिस्टर्स ऑफ चैरिटी ऑफ जीसस एंड मेरी) धर्मसंघ की पांच धर्मबहनों ने अजीवन व्रत लिया

  • व्रत समारोह का नेतृत्व रांची के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने किया

  • धर्मबहनों ने शुद्धता, आज्ञापालन और निर्धनता का संकल्प लिया

  • समारोह में धर्मसंघ की सुपीरियर जेनरल सिo लूसी जेकब और अनेक पुरोहितगण उपस्थित रहे


रांची, बुधवार, 05 नवंबर 2025

रांची के निर्मला कॉलेज, हिनू के सभागार में आज एक गरिमामय धार्मिक समारोह आयोजित हुआ, जहां सिस्टर्स ऑफ चैरिटी ऑफ जीसस एंड मेरी (एसo सीo जे o एमo) धर्मसंघ की पांच धर्मबहनों ने काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के सम्मुख अजीवन व्रत धारण किया।

इस पावन अवसर पर सिo मेरिला हांसदक, सिo सुजीता तोपनो, सिo लतीमा प्रधान, सिo अर्चना खलखो और सिo प्रीति सोनिया डुंगडुंग ने शुद्धता, आज्ञापालन और निर्धनता का व्रत जीवनभर के लिए ग्रहण किया।

“ईश्वर की इच्छा के अनुसार जीवन समर्पण ही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि” – विंसेंट आईंद

व्रत समारोह में मुख्य अनुष्ठाता के रूप में उपस्थित महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने मिस्सा बलिदान की अगुवाई की और अपने धर्मोपदेश में कहा,

“जीवन की सार्थकता ईश्वर से जुड़े रहकर ही प्राप्त की जा सकती है। अपने जीवन के उद्देश्य को पहचानना और उसे ईश्वर की इच्छा के अनुसार समर्पित करना ही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।”

उन्होंने पांचों धर्मबहनों से औपचारिक पूछताछ कर उनकी सहमति प्राप्त की, जिसके बाद धर्मबहनों ने महाधर्माध्यक्ष के समक्ष अजीवन व्रत धारण की प्रतिज्ञा की और व्रत के प्रतीक के रूप में अंगूठी धारण की।

सुपीरियर जेनरल सिo लूसी जेकब ने स्वीकारा धर्मसंघ में प्रवेश

एसo सीo जे o एमo धर्मसंघ की सुपीरियर जेनरल सिo लूसी जेकब ने पांचों धर्मबहनों को धर्म समाज में औपचारिक रूप से स्वीकार किया और उन्हें आगे के सेवा मार्ग के लिए प्रेरित किया।

समारोह के अंत में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने नवव्रतधारी धर्मबहनों को आशीर्वाद, शुभकामनाएं और स्मृति-चिह्न प्रदान किया। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके आध्यात्मिक जीवन की सफलता की कामना की।

समारोह में रही गरिमामय उपस्थिति

इस अवसर पर फाo सुधीर मिंज, फाo सुधीर कुजूर एस जे, फाo कुलभूषण, धर्मसंघ की प्रोविंशियल सिo सुषमा बेक, अन्य पुरोहितगण, धर्मबहनों के माता-पिता, परिजन और शुभचिंतक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक समर्पण से ओतप्रोत रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *