राँची में चैन स्नेचिंग गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, सोना और नकद बरामद
मुख्य बिंदु:
-
गुप्त सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी टीम का गठन
-
रेकी कर रहे अपराधी की गिरफ्तारी से मिला सुराग
-
कुल 4 अभियुक्त गिरफ्तार, सोने की चेन, स्मार्टफोन और नकद जब्त
राजधानी राँची में लगातार हो रही चैन स्नैचिंग की घटनाओं को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इस टीम ने पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक (सदर) के नेतृत्व में शहर के विभिन्न संभावित ठिकानों पर गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया।

इसी क्रम में 1 मई 2025 की शाम लगभग 7 बजे एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया, जो चैन और मोबाइल छीनने की योजना बनाते हुए रेकी कर रहा था। उसकी तलाशी लेने पर ₹5800 नकद बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चैन छिनतई से जुड़े सोने के जेवर की खरीद-बिक्री में शामिल एक बिचौलिया और दो जेवर दुकान मालिकों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। छापेमारी में करीब 16 ग्राम गलाया हुआ सोना, 8 ग्राम वजन की दो सोने की चेन, दो एंड्रॉयड स्मार्टफोन, ₹5800 नकद, दो कैप, एक टी-शर्ट और एक स्कूटी बरामद की गई है।

पुलिस की इस कार्रवाई से राँची में चैन स्नेचिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने की उम्मीद जताई जा रही है। सभी आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
