दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन से मिलीं मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, डॉक्टरों से ली स्वास्थ्य की जानकारी
मुख्य बिंदु:
-
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अपोलो अस्पताल में शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन से मुलाकात की
-
डॉक्टरों की टीम से रामदास सोरेन के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली
-
रामदास सोरेन को मिल रही हैं उच्चस्तरीय चिकित्सकीय सुविधाएं
-
मुलाकात के दौरान उनके पुत्र सोमेश सोरेन भी रहे मौजूद
-
शिल्पी नेहा तिर्की ने ईश्वर से की शिक्षा मंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना
-
मंत्री ने कहा – जल्द स्वस्थ होकर फिर सक्रिय हों राज्य की राजनीति में
नई दिल्ली/रांची, 02 अगस्त 2025- झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दिल्ली स्थित इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनके स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने को लेकर डॉक्टरों की टीम से चर्चा की।
डॉक्टरों ने मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को बताया कि रामदास सोरेन का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जारी है और उन्हें हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री के पुत्र सोमेश सोरेन भी उपस्थित थे।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने रामदास सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि, “ईश्वर से प्रार्थना है कि वे रामदास सोरेन जी को जल्द से जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ करें ताकि वे फिर से सक्रिय रूप से जनता और राज्य की सेवा कर सकें।”
गौरतलब है कि शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली लाया गया था, जहां वे अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं। राज्य सरकार और उनके समर्थक लगातार उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
