रांची में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन से मिले परिमल नाथवानी, झारखंड के विकास पर हुई चर्चा
रांची। झारखंड से भाजपा/एनडीए समर्थित राज्यसभा प्रत्याशी परिमल नाथवानी ने मंगलवार को रांची स्थित आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच झारखंड के विकास, निवेश, उद्योग और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात की जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से साझा की। उन्होंने कहा कि परिमल नाथवानी पहले भी राज्यसभा में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तथा राज्य के विकास को लेकर उनका विजन स्पष्ट है।
चंपाई सोरेन ने अपने पोस्ट में लिखा कि झारखंड से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने नाथवानी के राज्य के विकास के प्रति दृष्टिकोण की सराहना भी की।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, मुलाकात को लेकर किसी राजनीतिक रणनीति या चुनावी चर्चा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल इसे शिष्टाचार भेंट और राज्यहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श के रूप में देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि परिमल नाथवानी पूर्व में भी झारखंड से राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं और राज्य के विभिन्न विकासात्मक मुद्दों को संसद में उठाते रहे हैं।
