JTET-2026: एडमिट कार्ड में बड़ी गड़बड़ी, 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी परेशान; मंत्री से लगाई गुहार
JTET-2026 के एडमिट कार्ड में Teacher Type को लेकर हुई त्रुटि से हजारों अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। Language Teacher के अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में Social Studies अंकित होने से 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित होने का दावा किया गया है। इस मामले को लेकर झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने कल्याण मंत्री चमरा लिंडा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जल्द सुधार की मांग की है।
प्रमुख बातें
-
JTET-2026 के एडमिट कार्ड में Teacher Type की त्रुटि का मामला।
-
Language Teacher की जगह Social Studies अंकित होने की शिकायत।
-
संघ के अनुसार 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित।
-
कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने JAC अध्यक्ष और सचिव से की बात।
-
JAC से आधिकारिक नोटिस जारी कर सुधार की प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग।
Language Teacher के एडमिट कार्ड में Social Studies दर्ज
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री चमरा लिंडा से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने JTET-2026 के एडमिट कार्ड में Teacher Type की गलत प्रविष्टि का मामला उठाया।
संघ ने मंत्री को बताया कि Language Teacher के स्थान पर Social Studies अंकित होने के कारण 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित हैं। इस त्रुटि से अभ्यर्थियों के बीच असमंजस और चिंता बनी हुई है। साथ ही, भविष्य में भी उन्हें अनावश्यक प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

मंत्री ने JAC अध्यक्ष और सचिव से की बात
प्रतिनिधिमंडल की शिकायत पर मंत्री चमरा लिंडा ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के अध्यक्ष और सचिव को मामले की जानकारी दी। साथ ही, ज्ञापन को अग्रसारित करते हुए JAC सचिव को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

आधिकारिक नोटिस जारी करने की मांग
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने JAC से मांग की है कि इस त्रुटि को लेकर जल्द से जल्द आधिकारिक नोटिस जारी किया जाए। नोटिस में सुधार की प्रक्रिया स्पष्ट की जाए, ताकि प्रभावित अभ्यर्थियों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें आवेदन प्रक्रिया सहित अन्य प्रशासनिक परेशानियों से बचाया जा सके।
संघ का कहना है कि समय रहते आधिकारिक सूचना जारी होने से हजारों अभ्यर्थियों के बीच बना भ्रम दूर होगा और उन्हें राहत मिलेगी।
अभ्यर्थियों ने मंत्री का जताया आभार
इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के अलावा शुभम कुमार, गोनू मछुआ सहित दर्जनों JTET अभ्यर्थी शामिल थे। संघ ने मामले में त्वरित पहल और सहयोग के लिए मंत्री चमरा लिंडा का आभार जताया।
संघ ने कहा कि अभ्यर्थियों के अधिकार, सम्मान और न्याय के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा और जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, उनकी आवाज उठाई जाती रहेगी।
