हेमंत सोरेन पटना पहुंचे, वोटर अधिकार यात्रा के समापन समारोह में शामिल
“आगामी चुनाव सिर्फ बिहार नहीं, पूरे देश को बचाने का चुनाव”
झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के अध्यक्ष हेमंत सोरेन पटना पहुंचे, जहाँ उन्होंने वोटर अधिकार यात्रा के समापन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आगामी चुनाव सिर्फ बिहार नहीं, बल्कि पूरे देश को बचाने का चुनाव होगा।

सोरेन ने कहा कि विपक्षी नेताओं को कमजोर करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया, “मुझे भी कई दिनों तक जेल में डाल दिया गया। अगर लोकसभा चुनाव के समय ऐसा न हुआ होता, तो जिस तरह विधानसभा में हमने मजबूत सरकार बनाई, लोकसभा में भी इनका खाता नहीं खुलने देते।”

उन्होंने पटना की ऐतिहासिक धरती से जनता से आह्वान करते हुए कहा कि इस बार भी देश को नया इतिहास लिखना होगा। सोरेन ने वोटर रिवीजन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और चुनौती दी कि “देश की गद्दी पर बैठे लोग, गद्दी से उतरकर वोटर रिवीजन कराएं, फिर दूध का दूध और पानी का पानी साफ हो जाएगा।”
इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे पर चर्चा
JMM अध्यक्ष के तौर पर हेमंत सोरेन पटना दौरे के दौरान इंडिया गठबंधन के नेताओं से सीट बंटवारे पर भी चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल एकजुट होकर लोकतंत्र बचाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे।
