रांची: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुत्ते को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार
टाटीसिलवे थाना में दर्ज हुआ मामला, आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार पाण्डेय के रूप में
रांची, 8 अप्रैल 2025 — सोशल मीडिया पर एक दिल दहला देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति एक कुत्ते को गोली मारता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पशु संरक्षण एन.जी.ओ. के संचालक शिव शंकर द्वारा टाटीसिलवे थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
मामला दर्ज, आरोपी की पहचान
शिकायत के आधार पर पुलिस ने टाटीसिलवे थाना कांड संख्या 26/25, दिनांक 08.04.25 को भारतीय दंड संहिता की धारा 325 B.N.S एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस जांच के बाद आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार पाण्डेय, पिता – स्व. दयाशंकर पाण्डेय, निवासी – हजारीबाग रोड, SRS पार्क के पास, टाटीसिलवे थाना क्षेत्र, रांची के रूप में की गई है।
गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस मामले को लेकर पशु प्रेमियों में आक्रोश है और न्याय की मांग की जा रही है।
एनजीओ ने की सख्त कार्रवाई की मांग
एन.जी.ओ. संचालक शिव शंकर ने इस बर्बर कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की पशु क्रूरता की हिम्मत न करे।
