सुदेश महतो

लापता बच्चों और खूंटी हत्याकांड पर सुदेश महतो का सरकार पर हमला

क्राइम झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर विधानसभा चुनाव

धुर्वा के लापता बच्चों और खूंटी हत्याकांड पर सुदेश महतो का सरकार पर हमला

रांची/खूंटी: आजसू पार्टी प्रमुख एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने धुर्वा से लापता बच्चों अंश–अंशिका के माता–पिता से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों की सकुशल वापसी के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद वे खूंटी पहुंचे, जहां नृशंस हत्या के शिकार दिवंगत पड़हा राजा सोमा मुंडा के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उनके साथ आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और केंद्रीय महासचिव सह जिप अध्यक्ष निर्मला भगत भी मौजूद रहीं।

कानून-व्यवस्था ध्वस्त, सरकार संवेदनहीन: महतो

मीडिया से बातचीत में सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता में गरीब और पीड़ित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो धुर्वा से लापता बच्चों का अब तक कोई सुराग मिला है और न ही सोमा मुंडा के हत्यारों को पकड़ा जा सका है।

महतो ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और सरकार व पुलिस संवेदनहीन हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों का राज चल रहा है।
“राज्य सरकार की नाक के नीचे एचईसी परिसर से बच्चे सरेआम गायब हो जाते हैं और पुलिस उन्हें ढूंढ नहीं पाती,” उन्होंने कहा।

बाबा तिलका मांझी के शहादत दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का नमन

पुलिस की लापरवाही का आरोप

सुदेश महतो ने बताया कि बच्चों की गुमशुदगी की सूचना शाम 6 बजे ही थाने को दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने दो दिनों तक गंभीरता नहीं दिखाई।
उन्होंने कहा, “अगर सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो जाती, तो शायद बच्चों को सुरक्षित बरामद किया जा सकता था।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब तक राज्य सरकार की ओर से कोई भी प्रतिनिधि पीड़ित परिवारों की सुध लेने नहीं पहुंचा

सोमा मुंडा की हत्या समाज पर हमला

खूंटी में सोमा मुंडा के परिजनों से मुलाकात के बाद महतो ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि पूरे समाज पर कुठाराघात है।
उन्होंने कहा, “स्वर्गीय सोमा मुंडा समाज के अगुआ थे। उनकी हत्या कर आदिवासियों की आवाज को दबाने की साजिश की गई है।”

मौजूद रहे ये नेता और कार्यकर्ता

इस अवसर पर जयकांत कश्यप, महावीर नायक, मुकेश नायक, हरीश कुमार, सतीश कुमार, चिंटू मिश्रा, राजू नायक, चेतन प्रकाश, ओम बर्मा, ऋतूराज शाहदेव, प्रताप सिंह, निर्मल उरांव, प्रीतम कुमार, रौशन कुमार नायक, संदीप साहू सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *