रांची: झारखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) को लेकर एक बार फिर अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है। के अनुसार, स्पष्ट नीति और नियमावली के अभाव में राज्य के लाखों अभ्यर्थी लंबे समय से परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं।
आजसू पार्टी के नेता सुदेश कुमार महतो ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा जल्द आयोजित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि झारखंड हाईकोर्ट ने 31 मार्च 2026 तक JTET आयोजित करने का निर्देश दिया था, लेकिन सरकार इस समयसीमा में परीक्षा कराने में असफल रही है। इससे अभ्यर्थियों को मानसिक रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि राज्य में 2016 के बाद से अब तक JTET का आयोजन नहीं हुआ है, जिससे B.Ed और D.El.Ed उत्तीर्ण लाखों युवाओं के सपनों पर असर पड़ रहा है। लगातार देरी के कारण योग्य अभ्यर्थियों की उम्र भी निकलती जा रही है, और उन्हें शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में आवेदन का अवसर नहीं मिल पा रहा है।
सुदेश महतो ने इसे युवाओं के मौलिक अधिकारों के साथ अन्याय बताते हुए सरकार से अपील की है कि जल्द से जल्द स्पष्ट नीति बनाकर JTET का आयोजन कराया जाए। साथ ही उन्होंने सभी नियुक्तियों और प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की है।
इस मुद्दे को लेकर राज्य के अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है और अब सरकार के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।
