रांची- कोडरमा की विधायक नीरा यादव ने प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता कर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष का रवैया जनता के सामने आ चुका है और भाजपा उनकी “कारगुजारियों” को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने बताया कि 16, 17 और 18 अप्रैल को विशेष सत्र बुलाया गया था ताकि सर्वसम्मति से एक ऐतिहासिक निर्णय लिया जा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सभी दलों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग की अपील की थी, लेकिन विपक्ष ने इस अवसर को राजनीति का मंच बना दिया।
नीरा यादव ने आरोप लगाया कि विधेयक पारित न होने पर विपक्ष ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय उत्सव मनाया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके भाषण में महिलाओं के मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखी।
उन्होंने आगे कहा कि जब देशभर में महिलाओं और एनडीए कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया, तब विपक्ष “घड़ियाली आंसू” बहाने लगा। कांग्रेस की महिला नेताओं द्वारा धरना और पोस्टकार्ड अभियान को उन्होंने “दलीय मजबूरी” बताया।
नीरा यादव ने कहा कि अब कांग्रेस का चेहरा देश के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है और जनता उन पर दोबारा भरोसा नहीं करेगी। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे विपक्ष के “झांसे” में न आएं और सचेत रहें।
JTET- Bhojpuri-Magahi OUT, Application Process रोकने की मांग तेज
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह अधिनियम केवल एनडीए की महिलाओं के लिए था या पूरे देश की महिलाओं के लिए? परिसीमन को लेकर कांग्रेस के तर्क पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए और कहा कि बिना परिसीमन आरक्षण संभव है या नहीं, इसका जवाब विपक्ष को देना चाहिए।
उन्होंने भरोसा जताया कि जब तक प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए की सरकार है, महिलाओं के अधिकार सुरक्षित रहेंगे।
इस प्रेस वार्ता में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह और रांची की महापौर रौशनी खलखो भी मौजूद रहीं।
