वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन राष्ट्रभक्ति और जनजातीय गौरव का प्रतीक: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार
रांची- बिरसा मुंडा संग्रहालय में आयोजित ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन के फ्लैग-ऑफ समारोह’ को संबोधित करते हुए झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित यह साइक्लोथॉन केवल एक साइक्लिंग अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, युवा शक्ति, साहस और जनजातीय गौरव का सशक्त प्रतीक है।

राज्यपाल ने इस आयोजन के लिए एनसीसी बिहार-झारखण्ड निदेशालय, इससे जुड़े अधिकारियों, प्रशिक्षकों और विशेष रूप से एनसीसी कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि आज का युवा केवल भविष्य का कर्णधार ही नहीं, बल्कि वर्तमान का भी मजबूत आधार है।
उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे केवल जनजातीय समाज के नायक नहीं थे, बल्कि अन्याय, शोषण और औपनिवेशिक दमन के विरुद्ध भारतीय स्वाभिमान के प्रतीक थे। उनकी मातृभूमि, संस्कृति और समाज के प्रति प्रतिबद्धता आज भी देशवासियों को प्रेरणा देती है। राज्यपाल ने यह भी उल्लेख किया कि माननीय प्रधानमंत्री द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को हर वर्ष पूरे देश में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शाम रांची पहुंचेंगी, तीन दिवसीय झारखंड दौरे की शुरुआत
राज्यपाल ने कहा कि यह झारखंड के लिए गर्व का विषय है कि राज्य की धरती से प्रारंभ होकर यह साइक्लोथॉन लगभग 1300 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी और स्वतंत्रता संग्राम में झारखंड के योगदान को पूरे राष्ट्र तक पहुंचाएगी।
अपने अनुभव साझा करते हुए राज्यपाल ने बताया कि वे स्वयं भी एनसीसी कैडेट रह चुके हैं और उनका झुकाव सैन्य सेवा की ओर था। उन्होंने कहा कि एनसीसी से अनुशासन, नेतृत्व, देशभक्ति और सेवा-भाव जैसे मूल्य विकसित होते हैं, जो जीवन भर मार्गदर्शन करते हैं। एनसीसी वास्तव में “राष्ट्र प्रथम” की भावना को व्यवहार में उतारने का सशक्त माध्यम है।
राज्यपाल ने विश्वास जताया कि इस अभियान में शामिल सभी कैडेट्स वीर बिरसा मुंडा के आदर्शों—साहस, आत्मसम्मान, सामाजिक न्याय और राष्ट्रभक्ति—को अपने जीवन में आत्मसात करेंगे और झारखंड तथा एनसीसी की गरिमा को और ऊंचा करेंगे।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इससे पूर्व राज्यपाल ने बिरसा मुंडा संग्रहालय पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
