पटना में वोटर अधिकार यात्रा में हेमंत सोरेन की मौजूदगी, विपक्षी एकता का प्रदर्शन
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव संग मंच साझा करेंगे हेमंत सोरेन
राजधानी पटना में सोमवार को वोटर अधिकार यात्रा का समापन होगा। इस अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और झारखंड के मुख्यमंत्री सह झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन एक साथ मंच पर नज़र आएंगे। झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि यह ऐतिहासिक रैली विपक्षी एकता का शक्ति प्रदर्शन बनेगी।
भाजपा और एनडीए की बढ़ी बेचैनी
विनोद पांडेय ने कहा कि वोट अधिकार यात्रा ने भाजपा और एनडीए की नींद उड़ा दी है। इस अभियान को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और बिहार की राजनीति में यह कार्यक्रम बड़ा असर छोड़ने वाला है।
एसआईआर को बताया लोकतंत्र पर हमला
पांडेय ने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया भाजपा और चुनाव आयोग की संयुक्त साजिश है, ताकि गरीब, पिछड़े, अल्पसंख्यक, दलित, मजदूर, किसान और आदिवासी समाज को वोट के अधिकार से वंचित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनता अब जागरूक है और इस साजिश को नाकाम करेगी।
राहुल गांधी की आवाज़ दबाने पर सड़क से संघर्ष
झामुमो महासचिव ने कहा कि जब संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की आवाज़ दबाई गई है, तब सड़क पर उतरकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना बेहद ज़रूरी हो गया है। इस लड़ाई में हेमंत सोरेन और झामुमो पूरी मजबूती से इंडिया गठबंधन के साथ खड़े हैं।
बिहार चुनाव में विपक्ष को मिलेगा समर्थन
विनोद पांडेय ने दावा किया कि जिस तरह 2024 में झारखंड की जनता ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन को सत्ता सौंपी थी, उसी तरह बिहार में भी आगामी विधानसभा चुनाव में जनता विपक्ष को स्पष्ट बहुमत देगी।
झारखंड विधानसभा से पहले ही हो चुका है प्रस्ताव
उन्होंने याद दिलाया कि झारखंड विधानसभा में झामुमो गठबंधन पहले ही एसआईआर के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर चुका है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया था। बिहार में भी विपक्ष ने एसआईआर को गरीब वोटरों को हाशिए पर धकेलने की साजिश करार दिया है।
