Jharkhand Voter List Revision

CEO के. रवि कुमार के सख्त निर्देश- मतदाता सूची में लापरवाही बर्दाश्त नहीं.

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर विधानसभा चुनाव

झारखंड में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण : 2003 की सूची से अधिकतम मैपिंग के निर्देश, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई — के. रवि कुमार

मुख्य बिंदु:

  • भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का निर्देश दिया।

  • मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने 2003 की मतदाता सूची से अधिकतम पैरेंटल मैपिंग सुनिश्चित करने को कहा।

  • लापरवाही पर बीएलओ के निलंबन के आदेश जारी करने की चेतावनी दी गई।

  • सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित।

  • फील्ड विजिट कर समस्याओं के समाधान व कार्य में तीव्रता लाने के निर्देश।


रांची: झारखंड में आगामी चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी जिलों में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की ओर से मतदाता सूची की सटीकता और अद्यतनता सुनिश्चित करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं।

श्री रवि कुमार सोमवार को निर्वाचन सदन, रांची से ऑनलाइन माध्यम से सभी जिला उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान सूची की अधिकतम पैरेंटल मैपिंग सुनिश्चित की जाए ताकि आगामी एसआईआर (Summary Intensive Revision) प्रक्रिया में मतदाताओं को नाम दर्ज कराने और इन्यूम्यूरेशन फॉर्म भरने में सुविधा हो।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई बीएलओ (Booth Level Officer) अपने कर्तव्यों में आनाकानी करते हैं, तो उनका रिपोर्ट विभाग को भेजकर निलंबन की कार्रवाई की जाए और तुरंत नए बीएलओ की नियुक्ति की जाए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य से जुड़े हर अधिकारी को सौंपे गए दायित्वों का समय पर और पूर्ण निष्पादन करना अनिवार्य है। इस दिशा में किसी भी स्तर पर कोताही को गंभीरता से लिया जाएगा।

जिलावार समीक्षा और फील्ड निरीक्षण के निर्देश

बैठक के दौरान श्री के. रवि कुमार ने सभी जिलों की मतदाता सूची मैपिंग की बिंदुवार समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने फील्ड स्तर पर आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को जमीनी निरीक्षण (Field Visit) करने और समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मतदाता सूची के अद्यतन और सत्यापन कार्य में तीव्रता लाएं ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

बैठक में प्रस्तुतियाँ और उपस्थित अधिकारी

बैठक के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज कुमार ठाकुर ने मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (Rationalization) पर पीपीटी प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर

  • संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार,

  • नोडल पदाधिकारी श्री देव दास दत्ता,

  • उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज ठाकुर,

  • अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार
    सहित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *