इंटर कॉलेज, उच्च विद्यालय और मदरसा विद्यालयों के शिक्षकों के लिए राहत की खबर — कल तक जारी हो सकती है 12% बकाया अनुदान राशि
रांची, 3 नवंबर 2025- राज्य के इंटर कॉलेज, उच्च विद्यालय, संस्कृत विद्यालयों और मदरसा विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधानाचार्य एवं संबंधित शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। वित्तीय वर्ष 2024–25 की 12% बकाया अनुदान राशि कल शाम तक सभी जिला कोषागारों में पहुंचने की संभावना जताई गई है।
विभाग ने बजट को संचिका सौंप दी
विभागीय सूत्रों के अनुसार, संबंधित विभाग ने राशि जारी करने से जुड़ी संचिका आज बजट विभाग को भेज दी है। बजट विभाग पूरी प्रक्रिया पूरी कर कल शाम तक राशि भेजने की संभावना जता रहा है।
यूरोप दौरा बेअसर। झारखंड से उद्योगों का पलायन तेज़- बाबूलाल मरांडी।
मुख्यमंत्री सचिवालय से 31 अक्टूबर को ही आवंटन जारी
जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2025 को मुख्यमंत्री सचिवालय से राशि का आवंटन पहले ही जारी कर दिया गया था। इसके बाद विभाग ने संचिका बजट को भेज दी थी, लेकिन संबंधित पदाधिकारी के अवकाश पर होने के कारण राशि का निर्गमन छठ पर्व के पहले संभव नहीं हो सका।
मोर्चा ने जताया खेद, शिक्षकों से धैर्य की अपील
वितरहित मोर्चा, रांची के प्रतिनिधि मनीष कुमार और मुरारी प्रसाद सिंह ने इस देरी पर खेद जताते हुए कहा कि “छुट्टी की वजह से राशि नहीं भेजी जा सकी थी, लेकिन अब प्रक्रिया अंतिम चरण में है और कल तक राशि जिला कोषागारों में पहुंच जाएगी।”
मोर्चा ने शिक्षकों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, क्योंकि सरकार की ओर से राशि जारी करने की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
