वसंत पंचमी पर पूजा–हवन के बाद आदित्य साहू ने संभाला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पद
प्रमुख बिंदु
• वसंत पंचमी के अवसर पर प्रदेश कार्यालय में विधिवत पूजा–हवन
• बाबूलाल मरांडी ने अध्यक्ष के आसन पर आसीन कराई जिम्मेदारी
• सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी, संगठन में उत्साह
• कुशासन के खिलाफ संघर्ष और डबल इंजन सरकार का संकल्प
—————————————————————————-
रांची- भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने आज वसंत पंचमी के पावन अवसर पर प्रदेश कार्यालय में पूजा-पाठ और हवन के उपरांत विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें अध्यक्ष के आसन पर आसीन कराया, पुष्पगुच्छ भेंट किया और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।

वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
पदभार ग्रहण समारोह में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, डॉ रविंद्र कुमार राय, दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, विकास प्रीतम, आरती कुजूर, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ प्रदीप वर्मा सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं की ताकत से संघर्ष का आह्वान
अपने संबोधन में आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड भाजपा की उर्वर भूमि है, जहां कार्यकर्ताओं में अपार जोश, ऊर्जा और देश–राज्य सेवा का जज्बा है। उन्होंने कहा कि इसी ताकत के सहारे भाजपा को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक और अधिक मजबूत व धारदार बनाना है तथा राज्य में व्याप्त कुशासन के खिलाफ निर्णायक संघर्ष करना है।

उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य गठन की पीड़ा भाजपा ने सही है और झारखंड भाजपा की देन है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का झारखंड अभी बनना बाकी है। वसंत पंचमी के दिन उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि राज्य में सुशासन स्थापित करने के लिए संघर्ष करेंगे और पुनः भाजपा के नेतृत्व में मजबूत डबल इंजन सरकार बनाएंगे।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस को किया नमन
प्रदेश अध्यक्ष ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनका झारखंड की धरती से गहरा नाता रहा है और उन्होंने यहीं से अंग्रेजों के खिलाफ आवाज बुलंद की थी। इस अवसर पर उन्होंने गांव, गरीब, किसान, आदिवासी, दलित और पिछड़ों के विरोधी राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
बाबूलाल मरांडी और कर्मवीर सिंह का संदेश
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एक जमीनी, जुझारू कार्यकर्ता हैं, जिनकी झारखंड की मिट्टी में गहरी पकड़ है। उनके नेतृत्व में पार्टी और अधिक संगठित व मजबूत होगी। वहीं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने आदित्य साहू के यशस्वी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
