भाजपा झारखंड संगठन पर्व अंतिम चरण में, 13–14 जनवरी को होगा प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का चुनाव
रांची।
भारतीय जनता पार्टी झारखंड इकाई के प्रदेश महामंत्री एवं सांसद तथा प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ प्रदीप वर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यगण के चुनाव कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा की।

डॉ वर्मा ने बताया कि पिछले एक वर्ष से झारखंड में भाजपा का संगठन पर्व चल रहा है। इस दौरान प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता अभियान के साथ-साथ बूथ समिति, मंडल और जिला अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है। अब संगठन पर्व अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर चुका है, जिसके तहत आगामी 13 और 14 जनवरी को प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यगण का चुनाव कराया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि इस चुनाव प्रक्रिया के लिए राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ के लक्ष्मण ने राज्य चुनाव अधिकारी के रूप में केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव को नियुक्त किया है।
नामांकन व चुनाव की समय-सारिणी
13 जनवरी को प्रदेश भाजपा कार्यालय में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे।
दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी, जबकि शाम 5 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।
14 जनवरी को अपराह्न 2 बजे कार्निवाल हॉल में नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यगण के नामों की विधिवत घोषणा की जाएगी। यदि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक नामांकन पत्र स्वीकृत होते हैं, तो मतदान की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
संगठन पर्व का होगा समापन
इस प्रकार 14 जनवरी को भाजपा झारखंड के संगठन पर्व का विधिवत समापन हो जाएगा।
रांची पहुंचने पर हुआ स्वागत
प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को संपन्न कराने रांची पहुंचे चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव का बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू, एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ प्रदीप वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम तथा पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
