NDDB और झारखंड सरकार में डेयरी क्षेत्र के विस्तार को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक

NDDB और झारखंड सरकार में डेयरी क्षेत्र के विस्तार को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक
राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक डॉ. मीनेश शाह ने झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से मुलाकात की। यह बैठक राज्य में डेयरी क्षेत्र के विस्तार, मेधा डेयरी की भावी योजनाओं और पशुपालकों के सशक्तिकरण को लेकर हुई।

रांची के होटवार में पाउडर और मिल्क प्रोडक्ट प्लांट की योजना
डॉ. शाह ने जानकारी दी कि रांची के होटवार में NDDB की ओर से एक नया पाउडर प्लांट और मिल्क प्रोडक्ट प्लांट बनाया जाएगा। इस प्लांट की आधारशिला बहुत जल्द मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के हाथों रखी जाएगी। इसके लिए कार्यक्रम की तिथि तय की जा रही है।
गिरिडीह में भी डेयरी प्लांट की होगी स्थापना
NDDB अध्यक्ष ने बताया कि गिरिडीह में 50 हजार लीटर दूध की प्रोसेसिंग क्षमता वाला एक और प्लांट स्थापित करने की योजना है। उन्होंने खुद जाकर स्थल का निरीक्षण किया है, जिससे इस परियोजना को जल्द जमीन पर उतारने की दिशा में कार्य हो रहा है।
राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत नस्ल सुधार केंद्र की योजना
राज्य में गोकुल मिशन को गति देने हेतु झारखंड सरकार और JMF की ओर से एक प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। इस योजना के तहत राज्य में ही एक नस्ल सुधार केंद्र (Breed Improvement Center) की स्थापना की जाएगी, जिससे किसानों को बाहर से गाय खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह केंद्र जमशेदपुर या रांची में स्थापित किया जा सकता है।
पशुपालकों के लिए वेटनरी डॉक्टर की उपलब्धता पर भी चर्चा
बैठक के दौरान मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और डॉ. मीनेश शाह के बीच वेटनरी डॉक्टरों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हुई। पशुपालकों को समय पर सेवाएं मिलें, इसके लिए NDDB और राज्य सरकार मिलकर काम करेंगे।
मेधा डेयरी के निदेशक भी रहे उपस्थित
बैठक के दौरान मेधा डेयरी के प्रबंध निदेशक जयदेव विश्वास भी उपस्थित थे। उन्होंने मेधा डेयरी की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
