JPSC का बड़ा फैसला: औषधि निरीक्षक भर्ती में आयु सीमा में 5 साल की छूट

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर रोज़गार समाचार

झारखंड लोक सेवा आयोग का अहम निर्णय:

रांची स्थित झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने विज्ञापन संख्या–12/2025 से संबंधित एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। यह सूचना स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत राज्य औषधि नियंत्रण निदेशालय, नामकुम, रांची के अधीन औषधि निरीक्षक सीधी नियुक्ति परीक्षा से जुड़ी है।

आयु सीमा में दी गई राहत

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विज्ञापन संख्या–12/2025 के कंडिका–6(क) में अधिकतम आयु सीमा के संबंध में संशोधन किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के संकल्प संख्या–360 दिनांक 21.01.2003 के तहत राज्य सरकार के ऐसे कर्मी जिन्होंने तीन वर्ष की नियमित सेवा पूरी कर ली है, उन्हें निर्धारित अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी।

यह निर्णय 01 अगस्त 2025 को प्रभावी मानते हुए लागू किया जाएगा।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद नई प्रक्रिया

आयोग ने बताया कि माननीय झारखंड उच्च न्यायालय, रांची द्वारा पारित आदेश (W.P.(S) No.-1090/2026 एवं W.P.(S) No.-1091/2026) के आलोक में भी आवेदन प्रक्रिया से संबंधित निर्देश दिए गए हैं। न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप योग्य अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर प्रदान किया गया है।

ऑनलाइन आवेदन की नई तिथियां

आयोग द्वारा संशोधित कार्यक्रम के अनुसार:

  • ऑनलाइन आवेदन भरने की तिथि: 02 मार्च 2026 से 12 मार्च 2026 तक

  • परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि: 13 मार्च 2026 (शाम 5:00 बजे तक)

  • हार्ड कॉपी जमा करने की अंतिम तिथि: 23 मार्च 2026 (शाम 5:00 बजे तक)

पूर्व अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन की आवश्यकता नहीं

आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में विज्ञापन संख्या–12/2025 के तहत ऑनलाइन आवेदन और हार्ड कॉपी जमा कर दी है, उन्हें पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।

हेल्पलाइन नंबर जारी

विज्ञापन से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी आयोग के हेल्पलाइन नंबर 9431301636 एवं 9431301419 पर कार्य दिवस में सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर उपलब्ध है।

आयोग की इस नई अधिसूचना से आयु सीमा में राहत पाने वाले अभ्यर्थियों को बड़ा अवसर मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *