सरकारी और वित्त रहित स्कूलों में भेदभाव हुआ तो होगा विरोध : संयुक्त मोर्चा

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर रोज़गार समाचार

नई शिक्षा नीति 2020 पर मंथन, वित्त रहित स्कूलों ने दी आंदोलन की चेतावनी

रांची में 500 से अधिक प्राचार्य-शिक्षक प्रतिनिधि होंगे शामिल

रांची : वित्त रहित शिक्षा संयुक्त मोर्चा की ओर से नई शिक्षा नीति 2020 को लेकर राज्यस्तरीय बैठक सोमवार 25 मई 2026 को सर्वोदय बाल निकेतन उच्च विद्यालय, धुर्वा रांची में आयोजित की जाएगी। बैठक में राज्यभर के 500 से अधिक प्राचार्य, प्रधानाचार्य एवं शिक्षक प्रतिनिधि भाग लेंगे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य नई शिक्षा नीति 2020 के तहत वित्त रहित शिक्षण संस्थानों के लिए तैयार की जा रही नियमावली के प्रारूप पर विस्तृत चर्चा करना और आगे की रणनीति तय करना है।

सरकार ने बनाई है कमेटी
ज्ञात हो कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने नई शिक्षा नीति 2020 के कार्यान्वयन के लिए वित्त रहित संस्थाओं हेतु एक विशेष कमेटी का गठन किया है। कमेटी के संयोजक माध्यमिक शिक्षा के उप निदेशक शिवेंदु कुमार बनाए गए हैं। वहीं, जैक सचिव सहित परियोजना विभाग के दो पदाधिकारियों को सदस्य बनाया गया है।

कमेटी की पहली बैठक 19 मई 2026 तथा दूसरी बैठक 22 मई 2026 को आयोजित हुई थी। बैठकों में नई शिक्षा नीति के तहत विभिन्न मानकों को तय करते हुए नियमावली का ड्राफ्ट तैयार किया गया है, जिसकी अनुशंसा भी कर दी गई है।

भेदभाव हुआ तो होगा जोरदार विरोध
मोर्चा का कहना है कि सरकारी विद्यालयों और वित्त रहित विद्यालयों के लिए यदि अलग-अलग मानक तय किए गए तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा।
मोर्चा नेताओं ने कहा कि जब सरकारी विद्यालयों के लिए एक एकड़ भूमि का प्रावधान है, तो वित्त रहित संस्थानों के लिए भी वही मानक लागू होना चाहिए। भवन का आकार और स्वरूप भी समान होना चाहिए।

मोर्चा के नेताओं कुंदन कुमार सिंह, रघुनाथ सिंह, हरिहर प्रसाद कुशवाहा, फजलुल कदीर अहमद, अरविंद सिंह, चंदेश्वर पाठक, नरोत्तम सिंह, गणेश महतो एवं देवनाथ सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि नियमावली में किसी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में बनेगी आगे की रणनीति
सोमवार को होने वाली बैठक में सभी बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श कर मोर्चा अपनी आगामी रणनीति तय करेगा।
इस संबंध में जानकारी प्रेस को मनीष कुमार ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *