रांची: झारखंड में मतदाता सूची का पैतृक मैपिंग तेजी से जारी, अब तक 1.61 करोड़ से अधिक मतदाताओं का डेटा मिलान पूरा
रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि झारखंड में वर्तमान मतदाता सूची का विगत एसआईआर की सूची से पैतृक मैपिंग का कार्य तेजी से प्रगति पर है। अब तक 1,61,55,740 मतदाताओं का सफलतापूर्वक मैपिंग किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि ‘Absent, Shifted, Death (ASD)’ श्रेणी तथा एक से अधिक स्थान पर सूचीबद्ध लगभग 12 लाख मतदाताओं की पहचान भी पूरी कर ली गई है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मंगलवार को निर्वाचन सदन से कम पैतृक मैपिंग प्रदर्शन वाले विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ और सभी उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि शेष सभी मैपिंग कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।

अन्य राज्यों से आए मतदाताओं की भी होगी मैपिंग
रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि वे मतदाता जो अन्य राज्यों से झारखंड आए हैं या जिनका डेटा पिछले एसआईआर की सूची से मैच नहीं हो पा रहा है, उनके लिए संबंधित राज्यों के सीईओ पोर्टल और भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग कर पैतृक मैपिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि:
-
अन्य राज्यों के मतदाताओं के लिए: https://voters.eci.gov.in/
-
झारखंड के मतदाताओं के लिए: https://ceo.jharkhand.gov.in/
का उपयोग कर मैपिंग की जाए

कम प्रदर्शन वाले बीएलओ की होगी विशेष ट्रेनिंग
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी ईआरओ से कहा कि कम परफॉर्मेंस वाले बीएलओ (BLO) को चिन्हित कर बैचवार प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदाताओं को भी पैतृक मैपिंग की प्रक्रिया के बारे में समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जिन बीएलओ को पुराने एसआईआर की सूची में मतदाता का विवरण नहीं मिल पा रहा है, वे अपने जिले के हेल्पडेस्क मैनेजर से संपर्क कर सहायता प्राप्त करें।
एएसडी सूची से मिलान अनिवार्य, एसआईआर के दौरान कम होगी परेशानी
रवि कुमार ने कहा कि पैतृक मैपिंग करते समय ASD सूची (Absent, Shifted, Death) से मिलान अवश्य किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मैपिंग होने से आगामी एसआईआर के दौरान मतदाताओं को दस्तावेज जमा करने में कम परेशानी होगी और प्रक्रिया सरल बनेगी।
साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि एसआईआर के दौरान कोई योग्य मतदाता सूची से न छूटे।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर सहित सभी जिलों के ईआरओ और उप निर्वाचन पदाधिकारी मौजूद थे।
