देश के गृहमंत्री अमित शाह ने रांची के चुटिया क्षेत्र में रोड शो किया। इस दौैरान हज़ारों की संख्या में भाजपा समर्थक मौजूद रहे। अमित शाह ने पार्टी प्रत्याशी संजय सेठ के लिए वोट मांगा। हालांकि, सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस और राजद ने इस रोड शो को फ्लॉप क़रार दिया है। आरजेडी की ओर से प्रदेश महासचिव मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि, अमित शाह को वोट मांगने का नैतिक अधिकार नहीं है। जनता ने इस रोड शो को नकार दिया है। जनता महंगाई और बेरोज़गारी से परेशान है। किसानों को फसल का सही दाम नहीं मिल रहा है। भाजपा इन विषयों पर कोई बात नहीं करती है।
मनोज पांडेय ने कहा कि, 2014 तक देश के ऊपर 57000 हजार करोड़ रूपए का कर्ज था जो अब बढ़कर 13 लाख हजार करोड़ रुपए हो गया है। देश का किसान और मजदूर परेशान है। दूसरी तरफ देश के प्रधानमंत्री लाखों लाखों रुपए विज्ञापन में खर्च कर रहे हैं। भाजपा के लोग पाकिस्तान पर तो जरूर बात करते हैं लेकिन इजराइल और चीन पर बात नहीं करते हैं। देश में स्मार्ट मीटर लग रहा है। कुछ ही दिनों में ये मीटर खराब हो जाता है। इसपर अमित शाह नहीं बोलते हैं। राज्य की जनता इस बार समझ चुकी है। अपना मत सोच समझ कर देगी।
