घाटशिला उपचुनाव: प्रचार के दौरान नियम तोड़ना जयराम महतो को पड़ा भारी, प्रशासन ने मांगा जवाब
घाटशिला उपचुनाव के प्रचार अभियान में डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला सामने आया है। विधायक जयराम महतो द्वारा प्रचार के दौरान स्कॉर्पियो वाहन के ऊपर बैठकर जनसंपर्क करने को लेकर प्रशासन ने गंभीर आपत्ति जताई है।
उपायुक्त ने बताया—सुरक्षा मानकों का हुआ उल्लंघन
जमशेदपुर के उपायुक्त ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए कहा कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक रैली के दौरान चार पहिया वाहन के ऊपर बैठकर और खड़े होकर प्रचार किया गया, जो सुरक्षा और निर्वाचन संबंधी मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है।
निर्वाचन पदाधिकारी ने मांगा 24 घंटे में स्पष्टीकरण
उपायुक्त ने बताया कि संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी ने इस मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित प्रत्याशी या राजनीतिक दल को 24 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश जारी किया है। यदि तय समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया, तो नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
चुनाव आयोग की गाइडलाइन स्पष्ट
चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार, चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी वाहन के ऊपर बैठना या खड़ा होना सख्त रूप से प्रतिबंधित है। ऐसा करने से न केवल कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरा उत्पन्न होता है।
अब प्रशासन की नजर प्रत्याशी के जवाब पर
फिलहाल प्रशासन प्रत्याशी के जवाब का इंतजार कर रहा है। माना जा रहा है कि यदि जयराम महतो या उनकी पार्टी की ओर से संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया, तो निर्वाचन आयोग कड़ी कार्रवाई कर सकता है।
