नेपाल में बढ़ता राजनीतिक संकट: पीएम ओली ने दिया इस्तीफा, संसद और राष्ट्रपति आवास पर प्रदर्शनकारियों का कब्जा
नेपाल में विरोध प्रदर्शनों का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है और हालात काबू से बाहर होते दिख रहे हैं। राजधानी काठमांडू समेत कई जिलों में आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने बढ़ते दबाव और हिंसा के बीच अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

संसद भवन और सिंह दरबार पर कब्जा
प्रदर्शनकारियों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने प्रधानमंत्री के कार्यालय सिंह दरबार और संसद भवन पर धावा बोल दिया। यहां तक कि राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल के निजी आवास पर भी भीड़ ने कब्जा कर आगजनी की।
मंत्रियों के घरों पर हमले, इस्तीफों की झड़ी
इस बवाल के बीच कई मंत्रियों के आवास पर हमले हुए और तोड़फोड़ की गई। गृहमंत्री रमेश लेखक, कृषि मंत्री रामनाथ अधिकारी, स्वास्थ्य मंत्री समेत पांच मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। बताया जा रहा है कि पीएम ओली इलाज के नाम पर दुबई जाने की तैयारी में हैं और उन्होंने कार्यवाहक जिम्मेदारी उपप्रधानमंत्री को सौंप दी है।
शाम को सर्वदलीय बैठक बुलाई
हिंसा और तनावपूर्ण हालात के बीच पीएम ओली ने शाम 6 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाने का फैसला किया है। सुरक्षा एजेंसियों ने कर्फ्यू और कड़े इंतजामों के बावजूद अब तक हालात काबू में नहीं किए हैं। राजनीतिक संकट और गहराता जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों के निशाने पर शीर्ष नेता
जन आंदोलन की अगुवाई कर रही Gen-Z क्रांतिकारी धड़ा ने शीर्ष नेताओं और मंत्रियों को सीधे तौर पर निशाना बनाया है। अब तक इन नेताओं और संस्थानों पर हमले या आगजनी की घटनाएं दर्ज हुई हैं—
-
पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ का निवास
-
विदेश मंत्री अर्जु राणा देउवा का घर
-
यूएमएल नेता महेश बस्नेत का निवास
-
नेपाली कांग्रेस का काठमांडू स्थित कार्यालय
-
पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक का घर
-
प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा का निवास
-
राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल का निजी आवास
-
दूरसंचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुङ का निवास
विपक्ष में हलचल
इस बीच, शेखर कोइराला ने अपने गुट के मंत्रियों से सरकार से इस्तीफा देने की अपील की है। वहीं नेपाली कांग्रेस के गगन थापा गुट ने अभी तक कोई स्पष्ट रुख नहीं अपनाया है। कुल मिलाकर नेपाल में राजनीतिक अस्थिरता और हिंसा की लपटें और तेज होती जा रही हैं।
