बाबूलाल मरांडी ने ईडी कार्यालय की सुरक्षा को लेकर जताई गंभीर चिंता
रांची- बाबूलाल मरांडी ने रांची के एयरपोर्ट रोड स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के क्षेत्रीय कार्यालय को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि ईडी कार्यालय को रांची पुलिस द्वारा घेरने की सूचना मिल रही है, जो बेहद चिंताजनक है।
ईडी कार्यालय में महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद होने का दावा
नेता प्रतिपक्ष के अनुसार ईडी कार्यालय में झारखंड से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार मामलों से संबंधित अहम दस्तावेज और साक्ष्य मौजूद हैं। ये मामले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पुलिस-प्रशासन से जुड़े अधिकारियों से संबंधित बताए जा रहे हैं।
साक्ष्यों से छेड़छाड़ या नष्ट किए जाने की आशंका
बाबूलाल मरांडी ने आशंका जताई है कि पुलिस कार्रवाई की आड़ में इन महत्वपूर्ण साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ या उन्हें नष्ट करने का प्रयास किया जा सकता है। उन्होंने इसे जांच एजेंसियों के स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्य में बाधा डालने वाला कदम बताया।
सिटी डीएसपी और एफएसएल टीम पहुंची ईडी कार्यालय
इस बीच घटनाक्रम में नया मोड़ तब आया जब सिटी डीएसपी एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम के साथ ईडी कार्यालय पहुंचे। ईडी कार्यालय के अंदर सदर डीएसपी के नेतृत्व में मामले की जांच की जा रही है।
मारपीट के आरोप में एयरपोर्ट थाना में मामला दर्ज
जानकारी के अनुसार चुटिया निवासी संतोष कुमार ने ईडी अधिकारियों पर पूछताछ के दौरान मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने एयरपोर्ट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अब दर्ज शिकायत और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पहले भी ईडी पर हमलों के आरोप
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में पहले भी ईडी के खिलाफ कथित रूप से झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। साथ ही झामुमो-कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा ईडी पर हमले की कोशिशें भी हो चुकी हैं, जो जांच एजेंसियों के स्वतंत्र कार्य में बाधा डालने का प्रयास है।
केंद्र सरकार से केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय से मांग की है कि रांची स्थित ईडी कार्यालय पर केंद्रीय बलों की तैनाती कर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि जांच एजेंसी बिना किसी दबाव के अपना कार्य कर सके।
