विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान, रांची में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।
समारोह की भव्यता और गरिमा सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी 9 एवं 10 अगस्त 2024 को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर झारखंड आदिवासी महोत्सव सम्पूर्ण गरिमा और भव्यता के साथ मनाया जाए। महोत्सव में आने वाले सभी आगंतुकों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सांस्कृतिक समारोह स्थल में आगंतुकों के बैठने की पूरी व्यवस्था हो। साज-सज्जा और भव्यता में कोई कमी न रहे, इसके लिए पूरी तैयारी एक बेहतर प्लानिंग के साथ करें।
ख्याति प्राप्त कलाकारों के साथ नए कलाकारों को भी अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में झारखंड की समृद्ध कला और संस्कृति को प्राथमिकता के तौर पर शामिल करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम की भव्यता झारखंड के कला-संस्कृति पर केंद्रित हो यह सुनिश्चित की जाए।
पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन के दौरान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान परिसर में लगे पेड़-पौधों को कोई नुकसान नहीं पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखें। विभागीय अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि कार्यक्रम के दौरान समारोह स्थल पर लगे एक भी पेड़-पौधों को नुकसान न पहुंचे, इस निमित्त पूरी तत्परता के साथ विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता
समीक्षा के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्य समारोह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता के तौर पर मौका दें।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
इस बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा, राज्य के आदिवासी कल्याण आयुक्त अजय नाथ झा और उपायुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
