रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को रांची, खूंटी और गुमला जिलों में शीत लहर चलने की संभावना जताई गई है। दिन के समय मौसम शुष्क रहेगा, जबकि हवा की गति 4 से 5 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और उत्तर भारत में हो रही बारिश के कारण आ रही ठंडी हवाओं का असर झारखंड में देखा जा रहा है। इसी वजह से राज्य में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। सुबह और शाम के समय कोहरा और कनकनी से लोगों को राहत नहीं मिल पाई है।
शनिवार को मैक्लुसकी गंज में न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि खूंटी में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री और रांची में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। कोहरे के कारण भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली करीब 11 फ्लाइट्स विलंब से रवाना हुईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
