सुदेश महतो पहुंचे नीतीश कुमार के 10वें शपथ ग्रहण समारोह
रांची/पटना- बिहार में बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस ऐतिहासिक अवसर पर आजसू पार्टी प्रमुख एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई दी। उनके साथ पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत और केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर भी मौजूद थे।
NDA की जीत को बताया ऐतिहासिक, कहा– झारखंड में भी दिखेगा असर
मीडिया से बातचीत के दौरान सुदेश महतो ने बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस जनादेश का स्पष्ट असर झारखंड की राजनीति पर भी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर अपना मजबूत भरोसा जताया है।
नीतीश कुमार मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा को डिप्टी CM की जिम्मेदारी.
उन्होंने कहा कि जनता ने दोबारा डबल इंजन सरकार को चुनकर यह संदेश दिया है कि बिहार तेज गति से विकास चाहता है। उनके अनुसार, नीतीश कुमार ने 10वीं बार शपथ लेकर एक नया इतिहास रचा है जो राजनीति में विश्वास और स्थिरता का संकेत देता है।
सम्राट चौधरी ने की आगवानी, शीर्ष NDA नेताओं से भी मुलाकात
शपथ समारोह स्थल पर पहुंचने के बाद उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने सुदेश महतो का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने उन्हें मंच तक ले जाकर प्रमुख एनडीए नेताओं से मिलवाया। सुदेश महतो की असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात हुई, जहां बिहार और झारखंड की राजनीतिक संभावनाओं पर भी संक्षिप्त बातचीत हुई।
