भाजपा नेता अनिल महतो की हत्या पर रांची बंद, विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन
रांची में भाजपा नेता अनिल महतो की हत्या के खिलाफ भाजपा समेत कई विपक्षी दलों ने रांची बंद का आह्वान किया है। बंद का व्यापक असर देखा जा रहा है। इस बीच, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बड़ा बयान देकर राजनीतिक माहौल गरमा दिया है।
बाबूलाल मरांडी का बड़ा आरोप – कानून व्यवस्था फेल
बाबूलाल मरांडी ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि डीजीपी और रांची एसएसपी के रहते राज्य में कानून व्यवस्था को नियंत्रित नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना से कुछ ही दूरी पर अपराधी हत्या जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है।

पुलिस की कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
झारखंड विधानसभा में मीडिया से बातचीत के दौरान बाबूलाल मरांडी ने बताया कि, अहले सुबह उनके आवास पर डीएसपी समेत पुलिस अधिकारी पहुंचे थे और उनसे बंद के समर्थन में उतरने को लेकर जानकारी ले रहे थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस ने भाजपा के कई नेताओं को पहले ही हिरासत में ले लिया है।
डीजीपी पर गंभीर आरोप, राष्ट्रपति शासन की मांग
बाबूलाल मरांडी ने डीजीपी अनुराग गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास कई अतिरिक्त प्रभार हैं, जिसके कारण वह स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में अपराधी पूरी तरह बेकाबू हो चुके हैं। इसी के चलते भाजपा झारखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग कर रही है.
