मासूम बच्चे बरामद,

रांची पुलिस की बड़ी कामयाबी, अपहृत दोनों मासूम बच्चे सकुशल बरामद

क्राइम झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर

राँची। धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत मौसीबाड़ी, जगन्नाथपुर खटाल से अपहृत दो मासूम बच्चों की बरामदगी में राँची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित और व्यापक कार्रवाई करते हुए दोनों बच्चों को सकुशल रामगढ़ जिले के चितरपुर से बरामद कर लिया है। बच्चों की पहचान उनके माता-पिता द्वारा कर ली गई है।

जानकारी के अनुसार, 03 जनवरी 2026 को धुर्वा थाना कांड संख्या 01/26 के तहत अंश कुमार (उम्र 05 वर्ष) एवं अंशिका कुमारी (उम्र 04 वर्ष) के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में बच्चों के पिता सुनील कुमार के आवेदन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम में पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं पुलिस अधीक्षक (यातायात) के संयुक्त सहयोग से कुल 48 पुलिस पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

जांच के दौरान पुलिस द्वारा 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया तथा 5,000 से अधिक वाहनों का सत्यापन किया गया। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की गहन जांच की गई। इसके साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया और दोनों बच्चों की सूचना देने पर कुल 4 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया।

पुलिस को प्रतिदिन 1,000 से अधिक कॉल आम नागरिकों से प्राप्त हुए, जिनमें से प्रत्येक सूचना का सत्यापन किया गया। झारखंड सहित अन्य राज्यों में पूर्व में ऐसे मामलों में संलिप्त अभियुक्तों की भी जांच की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हाट-बाजार सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर लगाए गए। ड्रोन कैमरे एवं डॉग स्क्वॉयड की मदद से धुर्वा और जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के दूरस्थ एवं संदिग्ध इलाकों की तलाशी ली गई।

महानिदेशक-सह-पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड के निर्देश पर अपर पुलिस महानिदेशक (CID) द्वारा पूरे देश में ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किया गया। विभिन्न बाल संगठनों ने भी इस अभियान में सहयोग किया।

लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 14 जनवरी 2026 की सुबह राँची पुलिस ने रामगढ़ (चितरपुर) में छापेमारी कर दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस मामले में दो अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों और ठिकानों की पहचान कर आगे की छापेमारी जारी है।

राँची पुलिस ने कहा है कि वह जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रतिबद्ध है और इस सफल अभियान में पुलिस, प्रशासन एवं आम जनता के सहयोग की अहम भूमिका रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *