झारखंड के युवाओं को बड़ा मौका: दुमका में शुरू हुआ झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट, हर साल 30 पायलट तैयार होंगे
झारखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए आज एक बड़ा अवसर खुल गया है। राज्य सरकार ने पायलट बनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट, दुमका का शुभारंभ किया है। यह संस्थान DGCA से अनुमोदित है और यहां पायलट ट्रेनिंग की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
राज्य में पहली बार कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग की सुविधा
दुमका स्थित इस फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में हर वर्ष 30 युवाओं को कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग दी जाएगी। खास बात यह है कि इनमें से 15 सीटें राज्य के आरक्षित वर्ग के युवाओं के लिए रखी गई हैं, जिनके लिए पूरी ट्रेनिंग निशुल्क (Free of Cost) होगी। यह पहल उन युवाओं के लिए बड़ी राहत है जो आर्थिक वजहों से पायलट बनने का सपना नहीं पूरा कर पाते थे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे उद्घाटन
आज आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर सांसद विजय कुमार हांसदा, सांसद निशिकांत दुबे, विधायक बसंत सोरेन, प्रदीप यादव, हेमलाल मुर्मू, लुईस मरांडी, देवेंद्र कुमार, आलोक कुमार सोरेन और जिला परिषद दुमका की अध्यक्ष जायस बेसरा शामिल होंगे।
युवाओं को पंख देने की नई शुरुआत
राज्य सरकार ने इस कार्यक्रम के लिए एक प्रेरणादायक संदेश भी जारी किया है—
“प्रशिक्षण पाओ, हवाई जहाज़ उड़ाओ, युवाओं आगे आओ!”
सरकार का उद्देश्य है कि झारखंड के युवक-युवतियां अब बड़े राज्यों या बाहर जाने के बजाय अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण पायलट प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
यह संस्थान झारखंड में aviation training के क्षेत्र में नया अध्याय शुरू करेगा और युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करेगा।
