राजद-कांग्रेस से नाराज झामुमो, भाजपा संग नई दिशा की ओर क्या बढ़ेगा कदम?
रांची, 21 अक्टूबर 2025- झारखंड की सियासत में हलचल बढ़ाने वाला बयान झामुमो के वरिष्ठ नेता और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दिया है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के निर्माण में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की भूमिका अहम रही है, लेकिन अब हालात तेजी से बदल रहे हैं। सुदिव्य ने संकेत दिए कि अगर परिस्थितियां अनुकूल नहीं रहीं, तो झामुमो नए राजनीतिक फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगा।
दरअसल, बिहार में सीट बंटवारे को लेकर राजद और कांग्रेस के रवैये से झामुमो में गहरी नाराजगी है। झामुमो का आरोप है कि महागठबंधन के साथी दलों ने उन्हें न केवल नजरअंदाज किया बल्कि, धोखे का भी अहसास कराया। इसी के चलते झामुमो ने अब झारखंड में गठबंधन की समीक्षा करने की बात साफ़ तौर पर कही है।
सुदिव्य सोनू के इस बयान के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या झामुमो अब INDIA गठबंधन से दूरी बनाकर भाजपा के साथ किसी नए समीकरण की ओर बढ़ सकता है? राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज़ है कि बिहार के घटनाक्रम ने झारखंड की राजनीति को भी प्रभावित कर दिया है, और आने वाले दिनों में सत्ता समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
कुल मिलाकर, सुदिव्य सोनू का यह बयान गठबंधन राजनीति की दिशा और दशा दोनों पर गंभीर संकेत दे रहा है — झामुमो अब “साथी दल” से “संभावित विकल्प” की ओर सोचता हुआ दिखाई दे रहा है।
