मुख्य बिंदु
-
भाजपा प्रवक्ता जफर इस्लाम ने कांग्रेस पर लगाया तुष्टीकरण का आरोप
-
कहा: मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास में विश्वास करती है
-
मुस्लिम समाज तक बिना भेदभाव पहुंच रही हैं केंद्र की योजनाएं
-
कांग्रेस ने 60 साल तक मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया
-
वक्फ कानून में धार्मिक मामलों में कोई हस्तक्षेप नहीं किया गया
रांची | भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जफर इस्लाम ने आज प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने वक्फ कानून में संशोधन को न्यायसंगत ठहराते हुए कहा कि यह गरीब मुस्लिम समाज के हित में है और इससे तुष्टीकरण की राजनीति का अंत होगा।
मोदी सरकार बिना भेदभाव के कर रही योजनाओं का क्रियान्वयन
जफर इस्लाम ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के मुस्लिम समाज तक पहुंच रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोदी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति पर काम करती है, न कि तुष्टीकरण की राजनीति पर। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्देश्य है कि गरीब मुस्लिम समाज को भी मुख्यधारा में जोड़ा जाए।
कांग्रेस ने मुसलमानों को वोट बैंक समझा
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने 60 वर्षों के शासन में मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया और आज भी वही नीति अपना रही है। लेकिन अब मुस्लिम समाज जागरूक हो गया है और उन्हें समझ में आ रहा है कि असल में उनके लिए काम कौन कर रहा है।
वक्फ संशोधन पर दी सफाई
वक्फ कानून में किए गए संशोधनों को लेकर उन्होंने कहा कि धार्मिक मामलों में कोई हस्तक्षेप नहीं किया गया है। केवल दुरुपयोग रोकने के लिए संशोधन लाया गया है ताकि वक्फ की संपत्ति का लाभ गरीबों को मिल सके। उन्होंने कहा कि कुछ चंद लोग वक्फ की संपत्ति का निजी उपयोग कर रहे थे या फिर उसे औने-पौने दामों पर लीज पर दे देते थे।
गैर मुस्लिमों को वक्फ प्रबंधन में शामिल करना सही कदम
उन्होंने वक्फ संपत्ति के प्रबंधन में गैर मुस्लिमों को शामिल करने का समर्थन किया और कहा कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और योग्य प्रबंधन से वक्फ संपत्ति की आय में वृद्धि होगी, जिसका लाभ सीधे समाज को मिलेगा।
इमरान प्रतापगढ़ी पर तंज
जफर इस्लाम ने कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी पर भी निशाना साधा और कहा कि वे शायरी कर सकते हैं, लेकिन इससे मुस्लिम समाज का भला नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वक्फ संशोधन कानून संसद के दोनों सदनों में पारित हो चुका है और राष्ट्रपति की मंजूरी भी मिल चुकी है, ऐसे में कांग्रेस को दुष्प्रचार से बचना चाहिए।
