Hemant Soren Shaheed Parivar

मुख्यमंत्री ने शहीद आरक्षियों के परिजनों को सौंपा 1.10-1.10 करोड़ का चेक.

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर विधानसभा चुनाव

झारखंड सरकार बनाएगी शहीद बच्चों के लिए नि:शुल्क आवासीय विद्यालय, पुलिस परिवार के लिए अस्पताल निर्माण की योजना

मुख्य बिंदु:

  • पलामू जिला बल के शहीद आरक्षी सुनील कुमार राम और संतन कुमार मेहता के परिजनों को मुख्यमंत्री ने दी सम्मान राशि

  • हर परिवार को 1 करोड़ 10 लाख रुपए की सहायता राशि

  • शहीदों के बच्चों को मिलेगी नि:शुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

  • पुलिस कर्मियों के लिए अलग अस्पताल निर्माण पर सरकार का विचार

  • शहीद परिजनों को जल्द मिलेगा पेंशन और सभी सेवांत लाभ

————————————————————————–

रांची, 8 अक्टूबर 2025।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पलामू जिला बल के शहीद आरक्षी सुनील कुमार राम एवं संतन कुमार मेहता के परिजनों ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों शहीद जवानों के परिवारों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत जारी 1 करोड़ 10 लाख–1 करोड़ 10 लाख रुपए की वित्तीय सहायता राशि का चेक सौंपा। इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर भी उपस्थित रहे।

झारखंड सदैव रहेगा अपने शहीदों का ऋणी

मुख्यमंत्री ने शहीद परिजनों से आत्मीय बातचीत की और उनकी पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों ने राज्य की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है और झारखंड उनके ऋण से कभी उऋण नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सहायता राशि शहीद परिवारों के जीवन में एक सहारा बनेगी और उनके बच्चों के भविष्य निर्माण में सहायक होगी।

शहीद बच्चों के लिए बनेगा आवासीय विद्यालय

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शहीद जवानों के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने के लिए रांची में एक आवासीय विद्यालय स्थापित किया जाएगा। विद्यालय का संचालन पुलिस विभाग द्वारा किया जाएगा और इसमें निजी स्कूलों के तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए झारखंड जगुआर परिसर में चार एकड़ भूमि चिन्हित कर ली गई है।

पुलिस कर्मियों के लिए अस्पताल निर्माण की योजना

हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस विभाग के कर्मियों और उनके परिवारों के लिए एक आधुनिक अस्पताल बनाने पर भी विचार कर रही है। इसके लिए कार्य योजना जल्द तैयार की जाएगी ताकि पुलिस परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।

सरकार हर पल आपके साथ खड़ी है

मुख्यमंत्री ने शहीदों के परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर संभव सहयोग के लिए उनके साथ है। उन्होंने कहा कि “आप हिम्मत और धैर्य के साथ परिवार को आगे बढ़ाएं, राज्य सरकार हमेशा आपके साथ है।” मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहीद परिवारों को मिलने वाले सभी लाभ शीघ्र प्रदान किए जाएं।

नौकरी और पेंशन की प्रक्रिया पूर्ण

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि दोनों शहीदों की पत्नियां स्नातक पास हैं और उन्हें पुलिस विभाग के नियमों के अनुसार क्लर्क की नौकरी दी जाएगी। साथ ही पेंशन एवं अन्य सेवांत लाभों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। राज्य सरकार और एसबीआई के संयुक्त प्रयास से कुल लगभग 2 करोड़ रुपए की राशि दोनों परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही है।

मौके पर उपस्थित अधिकारी

इस अवसर पर डीजीपी अनुराग गुप्ता, पलामू एसपी रिष्मा रमेशन, उप महाप्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक रांची अंचल मनोज कुमार, एजीएम रीना कुमारी, मुख्य प्रबंधक विकास कुमार पांडेय सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *