बांका (Banka ):- प्यार तो जिंदगी का एक खूबसूरत अहसास है, जो तमाम खुशियों के साथ-साथ कुछ सीख भी दे जाता है. लेकिन, कभी-कभी इसी इश्क को इम्तहान देना पड़ जाता है और फिर इसमे जिंदगी नासूर और बोझ भी परिवार और समाज के सामने बन जाती है.
बिहार के बांका जिले से ऐसी ही एक लव स्टोरी सामने आई, जिसमे एक प्यार को परीक्षा देनी पड़ी और जिंदगी भी मौत के मुहाने आकर खड़ी हो गई. इस सनसनीखेज़ घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया.
कोचिंग टीचर से हुआ प्यार
यह प्यार-मोहब्बत का मामला बांका जिले के पंजवारा थाना इलाके का है, जहां एक नाबालिग छात्रा और उसके कोचिंग टीचर के बीच प्यार हो गया. शुरुआत में यह मोहब्बत एक मासूम लगने वाला रिश्ता ही था, जिसमें दोनों एक-दूसरे को समझने-बुझने लगे थे.लड़की कोचिंग जाती थी, वहीं दोनों के बीच भावनात्मक जुड़ाव अहिस्ते-अहिस्ते बनता गया. धीरे-धीरे यह रिश्ता इतना गहरा हो गया या फिर कहे कि प्यार इस कदर परवान चढ़ गया कि फिर समाज की दहलीज और इज्जत की दीवार भी दोनों को रोक न सकी.
इस मोहब्बत का हुआ विरोध
लेकिन, एक दिन तो सबकुछ मालूम पड़ना ही था, जैसे ही इस मोब्बत का खुलासा हुआ, घरवालों के तो होश ही उड़ गए. लड़की के माता-पिता ने इस रिश्ते को ही मानने से इंकाक कर दिया . एक तरह से पूरी तरह खारिज कर दिया . बताया जा रहा है कि लड़की को जमकर डांट पड़ी और शायद मारपीट भी की गई. यह इश्क की चर्चा अब सिर्फ दो घरों के बीच की बात नहीं रह गई थी, बल्कि पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया था. पंचायत बुलाई गई, जहां दोनों परिवारों को समझाने की कोशिश की गई. लेकिन समाज का दबाव और रिश्तेदारों की तीखे अंदाज ने लड़की के मानसिक हालात को बुरी तरह से कमजोर कर दिया.
लड़की ने खा लिया जहर
बात इतनी जगह फैल गई और बढ़ गई कि छात्रा ने जिंदगी से ही हार मान ली. उसने सल्फास की गोलियां खाकर सुसाइड करने की कोशिश की. जब इसकी जानकारी घरवालों को हुई, तो फिर तुरंत आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल लड़की का इलाज बांका जिला अस्पताल में चल रहा है, जहां वह एक नई जिंदगी की जंग लड़ रही है.
इलाज के दौरान लड़की ने पुलिस को बताया कि उसे लगातार घरवालों की डांट, समाज का डर और अपनी भावनाओं को गुनाह समझने की भावना ने तोड़ कर रख दिया था. उसे लगा कि वो अब कहीं की नहीं रही – न अपने परिवार की, न अपने मन की.इसलिए उसने यह रास्ता चुना. पंजवारा थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने इस संबंध में मीडिया को बताया कि अभी तक इस संबंध में किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. घटना की पुष्टि स्थानीय स्तर पर जरूर हो रही है, लेकिन कानूनी तौर पर अब तक कुछ दर्ज नहीं किया गया है.
