लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक मतदाता जरूरी — अलका तिवारी

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर

16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस: ‘My India My Vote’ थीम के साथ रांची में राज्य स्तरीय कार्यक्रम

रांची। राज्य निर्वाचन आयुक्त, झारखंड अलका तिवारी ने 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी और वर्ष 2011 से यह दिन राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाता है।
श्रीमती तिवारी रविवार को रांची के आर्यभट्ट सभागार में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 समारोह को संबोधित कर रही थीं।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “My India My Vote” तथा टैगलाइन “Indian Citizen at the Heart of Indian Democracy” निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का आधार मतदाता है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाताओं का जागरूक, निडर और निष्पक्ष होना आवश्यक है। मतदाता बिना किसी भय या प्रलोभन के, जाति-धर्म-भाषा-समुदाय से ऊपर उठकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें—यही निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है, जिसे पूरा करने के लिए आयोग निरंतर नवाचार और तकनीकों का उपयोग कर रहा है।

उन्होंने कहा कि मतदाता पंजीकरण और जागरूकता एक सतत प्रक्रिया है। सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए चार अर्हता तिथियाँ—1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर—निर्धारित हैं। इन तिथियों पर 18 वर्ष पूर्ण करने वाले योग्य नागरिकों का नाम आसानी से जोड़ा जा सकता है। महिला, पुरुष, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, पीवीटीजी, थर्ड जेंडर सहित सभी मतदाताओं को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए आयोग प्रतिबद्ध है। राज्य में 2886 इलेक्ट्रोरल लिटरेसी क्लब (ELC) और प्रत्येक मतदान केंद्र पर चुनाव पाठशाला स्थापित की गई है, जबकि 966 वोटर अवेयरनेस फोरम मतदाता सूची के अद्यतन में भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि मताधिकार के प्रयोग के लिए मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। 18 वर्ष पूर्ण कर चुके सभी पात्र नागरिक अपना नाम जोड़ सकते हैं। मतदाता सूची या वोटर कार्ड से संबंधित जानकारी बीएलओ से प्राप्त की जा सकती है, जिनका विवरण सीईओ की वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने ‘बुक ए कॉल’ सुविधा का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके माध्यम से बीएलओ 48 घंटे के भीतर मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हैं।

उन्होंने बताया कि झारखंड में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का प्री-रिविजन पीरियड चल रहा है, जिसमें अब तक 72 प्रतिशत मतदाताओं का मैपिंग बीएलओ ऐप के माध्यम से पूरा हो चुका है। गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर स्टीकर लगाएंगे, जिस पर बीएलओ का मोबाइल नंबर और मतदाता के मकान का नंबर अंकित होगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यह वर्ष एक महत्वपूर्ण उपलब्धि का वर्ष है। भारत निर्वाचन आयोग को International IDEA की अध्यक्षता का अवसर मिला है, जिसकी कमान 3 दिसंबर 2025 से एक वर्ष के लिए भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने संभाली है। साथ ही, राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड के पाकुड़ जिले को बेस्ट इलेक्शन डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड के लिए चुना गया है।

इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का राष्ट्र के नाम संदेश प्रदर्शित किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने समापन भाषण दिया तथा संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने मतदाता शपथ दिलाई।

समारोह में वरिष्ठ, युवा और ट्रांसजेंडर मतदाताओं को सम्मानित किया गया। वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न जिलों के निर्वाचन पदाधिकारियों और कार्यालय कर्मियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में निर्वाचन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एनएसएस कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में युवा, वरिष्ठ, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर मतदाता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *