सिल्ली-गोला सड़क चौड़ीकरण में अनियमितता पर ग्रामीणों का हंगामा, ग्राम सभा में लिए गए बड़े फैसले
मुख्य बिंदु:
-
सिल्ली से गोला तक सड़क चौड़ीकरण में अनियमितताओं का आरोप
-
ग्राम सभा में जेएलकेएम नेता देवेंद्रनाथ महतो सहित कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
-
प्रोजेक्ट में भूमि अधिग्रहण कानून की अनदेखी, डिटेल बोर्ड तक नहीं लगा
-
ग्रामीणों के विरोध के बाद चौड़ीकरण कार्य अस्थायी रूप से स्थगित
सड़क चौड़ीकरण कार्य में अनियमितता, ग्रामीणों में आक्रोश
सिल्ली: सिल्ली से मुरी होते हुए गोला तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला है। कार्य में नियमों की अनदेखी और स्थानीय रैयतों को सूचना न देने के कारण आज गुरुवार को ग्राम सभा की बैठक बुलाई गई।
टेटेबंदा में हुई ग्राम सभा, जनप्रतिनिधियों ने जताई चिंता
हाकेदाग पंचायत के टेटेबंदा गांव में आयोजित बैठक में जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो, जिला परिषद उपाध्यक्ष बिना चौधरी, प्रेम शाही मुंडा, मुखिया हरीपद मांझी, पिस्का मुखिया सोमरा मांझी, पंचायत समिति सदस्य सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सड़क चौड़ीकरण कार्य में पारदर्शिता की कमी और सरकारी नियमों की अनदेखी पर नाराज़गी जताई।
देवेंद्रनाथ महतो ने किया प्रोजेक्ट का निरीक्षण
बैठक के बाद देवेंद्रनाथ महतो ग्रामीणों के साथ सड़क चौड़ीकरण कार्यस्थल का निरीक्षण करने पहुंचे और वहां मौजूद प्रोजेक्ट इंचार्ज व कर्मचारियों से बात की। बातचीत में यह बात सामने आई कि 333 करोड़ की इस परियोजना का काम पिछले 6 महीनों से चल रहा है लेकिन न तो डिटेल्स बोर्ड लगाया गया है और न ही रैयतों की भूमि का अधिग्रहण भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 की धाराओं (धारा 11, 19, 21, 37) के अनुसार किया गया है।
धार्मिक स्थल और रैयतों की भूमि पर अतिक्रमण का आरोप
महतो ने यह भी बताया कि लोदामू स्थित देसावली सरना स्थल का अतिक्रमण हुआ है और स्थानीय अखबारों में गजट प्रकाशन तक नहीं किया गया है। ना ही किसी रैयत को नोटिस दी गई है और ग्राम सभा से अनुमति भी नहीं ली गई है।
चौड़ीकरण कार्य फिलहाल स्थगित
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कंपनी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर सिल्ली थाना प्रभारी ने विधि व्यवस्था संभाली। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक सभी नियमों का पालन नहीं किया जाएगा, तब तक चौड़ीकरण कार्य को स्थगित रखा जाएगा।
